खातेगांव टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच में पुलिस ने शुक्रवार को दो अहम कार्रवाई कीं। मामले में आरोपी इंदौर के एडवोकेट विजय राव की रिमांड पूरी होने पर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार चल रहे टिमरनी शराब दुकान के लाइसेंसी पाटेन्द्र जायसवाल को देवास जिला न्यायालय के बाहर से एसआईटी ने हिरासत में ले लिया। पाटेन्द्र अपने वकीलों के साथ कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन कोर्ट ने उसे खातेगांव न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। देवास कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था पाटेन्द्र जानकारी के अनुसार, पाटेन्द्र जायसवाल ने शुक्रवार को देवास जिला न्यायालय पहुंचकर आत्मसमर्पण की इच्छा जताई। उसके वकील ने कोर्ट में कहा कि उसे देवास से खातेगांव जाने में डर लग रहा है। इस पर मजिस्ट्रेट ने कहा कि जब वह देवास कोर्ट तक आ सकता है तो खातेगांव भी जा सकता है। वकील को भी उसके साथ जाने के लिए कहा गया। करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद कोर्ट ने यह कहते हुए सरेंडर स्वीकार नहीं किया कि मामला खातेगांव न्यायालय के क्षेत्राधिकार का है। इसके बाद पाटेन्द्र कोर्ट से बाहर आया। वहां पहले से पुलिस और मीडिया के लोग मौजूद थे। एसआईटी की टीम ने कोर्ट गेट के बाहर ही उसे अपनी निजी कार में बैठाया और हिरासत में लेकर रवाना हो गई। टीम का नेतृत्व अमित सोलंकी कर रहे थे। मीडिया के सवालों पर बोला- मैं डर गया था कोर्ट से बाहर आने के बाद मीडिया ने पाटेन्द्र से टिमरनी शराब दुकान के लाइसेंस और गुजरात तक शराब की कथित सप्लाई को लेकर सवाल किए। उसने कहा कि उसे शराब भेजने के बारे में कुछ मालूम नहीं है। उसने यह भी कहा कि दुकान कहां लगी है, यह तक उसने आज तक नहीं देखा और वहां के स्टाफ को भी नहीं जानता। राहुल जायसवाल के साथ पार्टनरशिप के सवाल पर पाटेन्द्र ने हां में जवाब दिया। सरेंडर करने के पीछे डर की वजह पूछने पर उसने कहा कि बहुत बड़ा घटनाक्रम हुआ था, जिससे वह डर गया था। उसने कहा कि इस मामले में उसका कोई दोष नहीं है। उसके पास सिर्फ लाइसेंस था और बाकी गतिविधियों से उसका कोई लेना-देना नहीं था। विजय राव जेल भेजा, मनीष के ऑफिस से दस्तावेज जब्त मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे छह आरोपियों में शामिल इंदौर के एडवोकेट विजय राव की रिमांड अवधि पूरी होने पर शुक्रवार को कोर्ट में पेशी हुई। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। वहीं, पुलिस मनीष जायसवाल से भी लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस उसे इंदौर स्थित उसके ऑफिस लेकर पहुंची थी, जहां से कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस इन दस्तावेजों की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि इनसे अवैध शराब कारोबार से जुड़े लेन-देन और नेटवर्क की जानकारी मिल सकती है। अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच एसआईटी अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका और उनके संपर्कों की जांच कर रही है। पाटेन्द्र की हिरासत, विजय राव को जेल भेजने और मनीष के ऑफिस से दस्तावेज जब्त करने के बाद पुलिस इस नेटवर्क से जुड़ी कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मामले में छह आरोपी पुलिस रिमांड पर थे, जिनमें से विजय राव की रिमांड पूरी होने के बाद उसे जेल भेजा गया है। यह खबर भी पढ़ें… TI की हत्या से खुला शराब तस्करी सिंडिकेट:थ्री-लेयर सिक्योरिटी में गुजरात सप्लाई, हर ट्रक से 10 लाख कमाई; सरगना का विधायक बनने का सपना था खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को कुचलने वाला ट्रक अवैध शराब की खेप लेकर गुजरात जा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस तस्करी के तार हरदा से गुजरात तक फैले करोड़ों रुपए के सिंडिकेट से जुड़े थे। इसकी शुरुआत हरदा जिले के टिमरनी की तीन लाइसेंसी शराब दुकानों से होती थी। सोडलपुर रोड, हरदा रोड और रहटगांव स्थित इन दुकानों के लाइसेंस पाटेन्द्र जायसवाल के नाम पर थे, जबकि कारोबार चार पार्टनर मिलकर चला रहे थे। थ्री लेयर सिक्योरिटी में कागजों में वैध दिखने वाला शराब का स्टॉक कथित तौर पर अवैध तरीके से गुजरात भेजा जाता था। हर ट्रक पर 8 से 10 लाख रुपए की कमाई का गणित भी सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर…
