Homeमध्यप्रदेशTI को कुचलकर ड्राइवर ने सरगना को किया था कॉल:केरम संभालता था...

TI को कुचलकर ड्राइवर ने सरगना को किया था कॉल:केरम संभालता था 40 करोड़ का सिंडिकेट; गुजरात से डिमांड के बाद हरदा से सप्लाई होती थी शराब

देवास जिले के खातेगांव थाने के पूर्व टीआई दिलीप पुरी की जान लेने वाले शराब तस्करी के ट्रक के पीछे करीब 40 करोड़ रुपए का बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा था। जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क मध्य प्रदेश के हरदा, इंदौर और आलीराजपुर से लेकर गुजरात तक फैला था। वारदात वाले दिन यानी 1-2 नवंबर की रात टीआई को कुचलने के बाद ड्राइवर ने सरगना केरम को कॉल किया था। तीन-चार साल से चल रहे कारोबार में शराब की व्यवस्था करने से लेकर ट्रक में छिपाकर ले जाने, रास्ते में निगरानी रखने और गुजरात तक सप्लाई पहुंचाने के लिए अलग-अलग लोगों की जिम्मेदारियां तय थीं। शराब ले जाने के लिए ट्रक कराया मॉडिफाई, बनवाया अलग कंपार्टमेंट पुलिस जांच के मुताबिक, इस नेटवर्क में केरम सिंह की अहम भूमिका थी। वह तस्करी में इस्तेमाल ट्रक का मालिक था। उसने बड़वानी में ट्रक को मॉडिफाई कराया था, ताकि उसमें अलग कंपार्टमेंट बनाकर शराब ले जाई जा सके। गुजरात में शराब की मांग आने पर केरम ही इंदौर के विजय से संपर्क करता था। विजय आगे मनीष जायसवाल और राहुल जायसवाल से शराब की व्यवस्था कराता था। इसके बाद हरदा के टिमरनी से शराब निकलकर इंदौर पहुंचती और वहां से आलीराजपुर के रास्ते गुजरात भेजी जाती थी। पुलिस के मुताबिक, पूरे रास्ते ट्रक का ड्राइवर सीधे केरम के संपर्क में रहता। रास्ते में कोई खतरा या परेशानी होने पर वह उसी को फोन करता था। टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने के बाद ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू ने भी केरम सिंह को ही फोन कर घटना की जानकारी दी थी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि गुजरात में शराब लेने वालों में क्या मोहिन के अलावा भी कोई शामिल था? साथ ही वहां किन-किन लोगों तक खेप पहुंचती थी। इस पूरे कारोबार से और किसे कितना मुनाफा मिलता था। 40 करोड़ में खरीदा था शराब ग्रुप पुलिस जांच में टिमरनी के पाटेंद्र जायसवाल के नाम से संचालित शराब ग्रुप सामने आया है। इस ग्रुप को करीब 40 करोड़ रुपए में खरीदे जाने की जानकारी मिली है। इसमें चार पार्टनर बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और मोहिन जायसवाल की 30-30 फीसदी हिस्सेदारी थी, जबकि पाटेंद्र पाटीदार जायसवाल की 10 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। यह भी सामने आया कि ग्रुप में शराब दुकानों के लाइसेंस और उनके वास्तविक संचालन की जिम्मेदारियां अलग-अलग लोगों के पास थीं। कुछ जगह लाइसेंस एक व्यक्ति के नाम पर थे, जबकि कारोबार की कमान कोई दूसरा संभाल रहा था। पुलिस को आशंका है कि इस व्यवस्था के पीछे वास्तविक कारोबारियों की भूमिका छिपाने की कोशिश की गई थी। देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि शुरुआत में शराब ग्रुप की लाइसेंस फीस करीब 20 करोड़ रुपए थी, जो बढ़कर लगभग 40 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। जांच में तीन-चार साल से इस कारोबार के चलने की जानकारी सामने आई है। बड़वानी में ट्रक को मॉडिफाई करवाया था जिस ट्रक से टीआई दिलीप पुरी को कुचला गया, उसकी जांच में अलग से कंपार्टमेंट बनाए जाने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, ट्रक मालिक केरम सिंह ने बड़वानी में ट्रक को मॉडिफाई करवाया था। पुलिस ने वहां उस व्यक्ति की पहचान कर उसके बयान भी दर्ज किए हैं, जिसने ट्रक में बदलाव किया था। अब जांच की जा रही है कि ट्रक में किस तरह का बदलाव हुआ, इसके लिए कितनी रकम दी गई और इस काम में कौन-कौन शामिल था। पुलिस के मुताबिक, ट्रक का ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू पूरे रास्ते केरम सिंह के संपर्क में था। शराब की खेप कहां पहुंचानी है और रास्ते में क्या करना है, इसकी जानकारी उसी से मिलती थी। अब तक 8 से अधिक गिरफ्तार हो चुके एसपी आदित्य मिश्रा के मुताबिक, अब तक आठ से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। करीब छह आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं। मुख्य आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें मध्य प्रदेश के आलीराजपुर, बड़वानी और आसपास के इलाकों के साथ गुजरात के दाहोद और दूसरे संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस केरम की पुरानी आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, वह फरवरी 2026 में एक मामले में जेल गया था और करीब तीन महीने बाद हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आ गया। वर्ष 2022 में भी धार जिले में उसके खिलाफ एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मनीष के ऑफिस में मिले दस्तावेज जांच में अहम आरोपी मनीष जायसवाल को पुलिस ने गुजरात के वड़ोदरा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे देवास लाकर सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। बुधवार को पुलिस टीम ने इंदौर में उसके कार्यालय पर भी दबिश दी। यहां काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों से पूछताछ की गई और कारोबार से जुड़े दस्तावेज खंगाले गए। मनीष पहले अनंत एंटरप्राइजेज के नाम से कार्यालय चलाता था। पुलिस इस कार्यालय से मिले दस्तावेजों और दूसरे रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच में जय माता दी ट्रेडर्स नाम के पुराने ग्रुप की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, मनीष और मोहिन जायसवाल से संबंधित इन ग्रुपों के बीच रकम के लेन-देन और इंटर-ग्रुप ट्रांसफर की जानकारी भी मिली है। शराब के कारोबार से हुई कमाई किन खातों में पहुंची, किसने कितनी रकम ली और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन आर्थिक रूप से जुड़ा था, यह पता लगाने के लिए एसआईटी पुराने और नए ग्रुप के दस्तावेजों का मिलान कर रही है। राहुल के घर तक पहुंचती थी रकम पुलिस जांच में शराब कारोबार से होने वाली रकम को ठिकाने लगाने का तरीका भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, दुकानों से बड़ी रकम कर्मचारियों के जरिए मनीष जायसवाल के घर तक पहुंचाई जाती थी। कर्मचारी वहां रकम जमा कराने के बाद रसीद और वाउचर लेते थे। पुलिस को ऐसी रसीदें और वाउचर मिले हैं। राहुल जायसवाल के कब्जे से भी शराब के अवैध कारोबार से जुड़ी 35 लाख रुपए से अधिक की रकम जब्त की गई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह रकम कहां से आई और कारोबार में किसकी कितनी हिस्सेदारी थी। जांच के दौरान कई वॉट्सएप चैट भी सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, कुछ बातचीत में फोन फॉर्मेट करने और पुराना डेटा हटाने की बात कही गई थी। इसके अलावा जून महीने के मुनाफे का हिसाब-किताब भी मिला है। इसमें मनीष, मोहिन और राहुल को मिली रकम का ब्योरा दर्ज है। इन डिजिटल साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। ——————————- ये खबरें भी पढ़ें… ट्रक से 10 किमी आगे चलती थी रेकी कार देवास जिले के खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के बाद अवैध शराब के सिंडिकेट की परतें खुलने लगी हैं। जांच में सामने आया है कि हरदा से इंदौर, धार, झाबुआ और आलीराजपुर के रास्ते गुजरात तक अवैध शराब की खेप पहुंचाई जा रही थी। पूरी खबर पढ़िए… सरेंडर करने पहुंचा शराब ठेकेदार, बोला- मुझे डर लग रहा टिमरनी शराब दुकान का लाइसेंसी पाटेन्द्र जायसवाल शुक्रवार को सरेंडर करने देवास जिला कोर्ट पहुंचा। इस दौरान कोर्ट ने सरेंडर कराने से इनकार कर दिया। आरोपी को खातेगांव न्यायालय में सरेंडर करने के लिए कहा। इस दौरान उसने कहा कि मुझे बहुत डर लग रहा है। पूरी खबर पढ़िए… कर्ज लेकर बेटे का अंतिम संस्कार, झाड़ू-पोंछा कर चुकाएगी मां देवास के चंदाना-बिंजाना जहरीली शराब कांड में 13 लोगों की मौत के 25 दिन से ज्यादा बीत चुके हैं। दीपावली भी गुजर गई, लेकिन पीड़ित परिवारों के घरों में खुशियां नहीं लौटीं। किसी मां ने बेटे के नुक्ते के लिए कर्ज लिया, अब उसे चुकाने दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछा कर रही है। किसी पत्नी की जिंदगी बिस्तर पर पड़े पति की 24 घंटे देखभाल में गुजर रही है, तो तीन बेटियां अब भी पिता के लौटने का इंतजार कर रही हैं। अपनों को खोने के दर्द के साथ इन परिवारों के सामने रोजी-रोटी और बच्चों के भविष्य का संकट भी है। पूरी खबर पढ़िए…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here