मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ में बुधवार को हरियाणा पुलिस की कस्टडी से धोखाधड़ी के आरोपी बाप-बेटे भाग गए। पेट्रोल भरवाते वक्त पुलिस की गाड़ी भी साथ ले गए। मंदसौर पुलिस की नाकेबांदी की वजह से जंगल में गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। मामला गरोठ चौकड़ी स्थित पेट्रोल पंप का है। जानकारी के अनुसार, हरियाणा के गुरुग्राम पुलिस थाने में दर्ज धोखाधड़ी (420) के एक मामले में पुलिस ने धार जिले के पीथमपुर से एक युवक को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को सड़क मार्ग से वापस गुरुग्राम लेकर जा रही थी। पुलिस गाड़ी में आरोपी के साथ उसका पिता भी बैठा हुआ था। वारदात से जुड़ी तस्वीरें देखिए… पेट्रोल भरवाने के दौरान मिला भागने का मौका बुधवार को पुलिस की गाड़ी मंदसौर जिले के गरोठ चौकड़ी स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर रुकी। यहां पुलिसकर्मी गाड़ी में ईंधन भरवाने और प्रसाधन (वॉशरूम) जाने के लिए वाहन से नीचे उतर गए। इसी दौरान पीछे बैठे आरोपी ने मौका देखकर तेजी से ड्राइविंग सीट संभाल ली। उसके पिता भी वाहन में मौजूद थे। दोनों ने कुछ ही सेकंड में पुलिस की गाड़ी स्टार्ट की और वहां से फरार हो गए। पुलिसकर्मियों ने किया पीछा, लेकिन पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने रोका आरोपियों के अचानक पुलिस वाहन लेकर भागने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उनका पीछा करने का प्रयास किया। इसके लिए उन्होंने पीछे से आ रही एक कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन जल्दबाजी में पेट्रोल पंप का भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारियों ने उन्हें पहले रोक लिया। इसके बाद में पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान बताई और तत्काल आरोपियों के पीछे रवाना हुए। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी आरोपियों को रोकने और उनका पीछा करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। गरोठ पुलिस ने तुरंत की नाकेबंदी घटना की सूचना मिलते ही गरोठ थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने चारों ओर तत्काल नाकेबंदी कर दी। संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी। पुलिस की घेराबंदी और लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए आरोपी ज्यादा दूर तक नहीं जा सके। बारहमासी के पास वाहन छोड़ जंगल की ओर भागे पुलिस से घिरता देख आरोपी बारहमासी फेंटे (चौराहे) के पास खड़ावदा रोड पर पुलिस का वाहन लावारिस हालत में छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने वाहन को सुरक्षित बरामद कर लिया। हालांकि, आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। कई रास्तों का उठाया फायदा, तलाश जारी गरोठ थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव ने बताया कि जिस क्षेत्र में आरोपी वाहन छोड़कर भागे, वहां से बाहर निकलने के लिए सड़क और जलीय मार्ग सहित कई रास्ते मौजूद हैं। आरोपियों ने इन्हीं मार्गों का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा दिया। फिलहाल हरियाणा पुलिस और गरोठ पुलिस की संयुक्त टीम फरार आरोपियों की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही है।
