रायसेन के मुखर्जी नगर गेट के पास बुधवार दोपहर एक छात्रा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक कार छात्रा की स्कूटी के आगे जाकर रुकी। इसके बाद कार से उतरी महिला ने छात्रा से बहस करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। कार पर ‘मध्यप्रदेश शासन’ लिखा था। युवती बिजली कंपनी कार्यालय से घर लौट रही थी। मुखर्जी नगर गेट के पास एक लाल रंग की टाटा अल्ट्रोज कार उसकी स्कूटी के आगे आकर रुक गई। कार से उतरी काले कपड़े पहने महिला ने उसकी गाड़ी की ओर इशारा करते हुए बहस शुरू कर दी। आरोप लगाया कि स्कूटी से उनकी कार में टक्कर लगी है। छात्रा का कहना है कि उसकी स्कूटी कार से नहीं टकराई थी। 5 तस्वीरों में देखें घटनाक्रम… युवती को 5 सेकेंड में मारे 5 थप्पड़ CCTV फुटेज में कार छात्रा की स्कूटी के आगे रुकती दिखाई दे रही है। इसके बाद महिला कार से उतरकर छात्रा से बहस शुरू कर दी। फिर छात्रा को थप्पड़ मारने लगी। महिला ने छात्रा के चेहरे पर कई बार मुक्के मारे। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच एक युवक ने पहुंचकर बीच-बचाव किया, जिसके बाद महिला कार लेकर वहां से चली गई। मारपीट के बाद छात्रा घबराकर रोने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभाला और उसकी बड़ी बहन सोनम को सूचना दी। इसके बाद सोनम मौके पर पहुंचीं। छात्रा को लेकर कोतवाली थाने गई। उन्होंने थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल को घटनाक्रम बताते हुए शिकायत आवेदन दिया। पुलिस ने शुरू जांच की छात्रा की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मौके पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि छात्रा मारपीट की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। उसके आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
