केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में बताया- 20 जून को पीएम किसान की 23वीं किस्त आएगी। पीएम नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से 23वीं किस्त जारी करेंगे। साथ ही बताया- मध्यप्रदेश के 81.67 किसानों के खातों में 1,634 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। उन्होंने कहा- खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले मिलने वाली यह सहायता किसानों के लिए बड़ी राहत होगी। वहीं मीनाक्षी नटराजन के सत्याग्रह को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवराज सिंह ने कहा- अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत। शिवराज सिंह चौहान ने बताया- पीएम-किसान योजना के तहत अब तक 22 किस्तों के माध्यम से देशभर के किसानों के खातों में करीब 4.28 लाख करोड़ रुपए सीधे भेजे जा चुके हैं। 23वीं किस्त के तहत देश के करीब 9 करोड़ किसानों के खातों में 18,800 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी। देशभर में मनाया जाएगा पीएम किसान उत्सव दिवस केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 23वीं किस्त जारी होने के अवसर पर पूरे देश में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत देश के 731 कृषि विज्ञान केंद्रों, 113 आईसीएआर संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों और राज्य, जिला, ब्लॉक तथा ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अनुमान है कि करीब 4 करोड़ किसान विभिन्न स्थानों से इन कार्यक्रमों में शामिल होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुनेंगे। पश्चिम बंगाल के किसानों को भी मिलेगा लाभ शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले पश्चिम बंगाल के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पाता था, लेकिन अब राज्य के 44 लाख 42 हजार किसानों को भी योजना का लाभ मिलेगा। इससे वहां के छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी। एमएसपी पर दलहन खरीदी को लेकर जल्द फैसला केंद्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने पीएम-आशा योजना के तहत उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और गुजरात को मूंग, उड़द और मसूर की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करने की अनुमति दे दी है। मध्यप्रदेश के संबंध में राज्य सरकार के साथ चर्चा जारी है और शुक्रवार को होने वाली बैठक के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा। अल नीनो और मानसून पर केंद्र की नजर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मानसून में देरी और अल नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए केंद्र सरकार लगातार हालात की समीक्षा कर रही है। विभिन्न विभागों के साथ नियमित बैठकें की जा रही हैं ताकि किसी भी संभावित संकट से पहले तैयारी पूरी की जा सके। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के 16 जिलों में अल नीनो के प्रभाव की संभावना को देखते हुए विशेष कंटीजेंसी प्लान तैयार किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों के लिए कम पानी वाली फसलों, वैकल्पिक खेती और बेहतर बीज उपलब्ध कराने की रणनीति बनाई जा रही है। कम बारिश की स्थिति के लिए भी तैयारी केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यदि बारिश में लंबा अंतराल आता है या सामान्य से कम वर्षा होती है, तो किसानों को वैकल्पिक खेती के विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे। केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर जिला स्तर पर रणनीति तैयार कर रही हैं ताकि किसानों को नुकसान से बचाया जा सके। पराली प्रबंधन पर राज्यों को सलाह शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पराली प्रबंधन को लेकर भी राज्यों को पहले से जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से धान उत्पादक राज्यों के साथ फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर समन्वय किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण और कृषि दोनों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। …………………………. यह खबर भी पढ़ें इंदौर में कांग्रेस नेत्री के बिगड़े बोल- ‘तुम वर्दी में गुलाम हो, कुत्ते हो’ राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस महिला विंग ने गुरुवार शाम कलेक्टोरेट के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान मंच से एक विवादित बयान सामने आया है। प्रदर्शन के बीच कांग्रेस नेत्री शशि हाड़ा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
