बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव हारने से कांग्रेसी बौखला गए हैं। उनकी बातों में अब कोई वजन नहीं रह गया है। कांग्रेस नेता फ्यूज बल्ब की तरह हो चुके हैं। दरअसल, सोमवार को मुख्यमंत्री साय जनजातीय गौरव दिवस और विकास कार्यों के लोकार्पण-उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे थे। इस दौरान कहा कि जिन लोगों ने कभी नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में साहस नहीं दिखाया, उन्हें आज नक्सलवाद खत्म करने वाले जवानों का स्वागत करना चाहिए। सीएम के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। पूर्व सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री इतने बड़े हो गए हैं कि प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दे रहे थे। लगता है रात में कुछ लेते हैं। सूखा नशा करते हैं। कभी प्रधानमंत्री के बारे में बोलते हैं, कभी किसी के बारे में बोलते हैं। डबल इंजन सरकार के साथ जवानों ने दिखाया साहस दरअसल बिलासपुर में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री का आशीर्वाद मिला। सरकार और जवानों ने साहस दिखाया और नक्सलवाद खत्म करने में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की जनता भी नक्सलवाद से ऊब चुकी थी और विकास की मुख्यधारा से जुड़ना चाहती थी। इस अभियान को जनता का भी समर्थन मिला। 21 क्विंटल की सीमा तक मिलेगी अंतर की राशि धान खरीदी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस साल किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। मोदी की गारंटी के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने का वादा किया गया है। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में धान का उत्पादन एक जैसा नहीं होता। कई किसान एक एकड़ में 21 क्विंटल के बजाय 12 या 15 क्विंटल ही धान उगा पाते हैं। ऐसे किसानों को वास्तविक उत्पादन के बाद 21 क्विंटल की तय सीमा तक बची अंतर की राशि भी सरकार उनके बैंक खातों में भेजेगी। 15 क्विंटल धान बेचने पर भी मिलेंगे पूरे 13,839 रुपए एक एकड़ में 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी पूरी सहायता राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 15 क्विंटल धान बेचने वाले किसानों को बाकी 6 क्विंटल की राशि भी दी जाएगी। इस तरह पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने सेंदरी धान खरीदी केंद्र में किसानों से बातचीत के दौरान यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वे किसान के बेटे हैं और खेती से जुड़ी परिस्थितियों को समझते हैं। इसके अलावा उन्होंने जिला कार्यालय में सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ भी किया। अब ऑटोमेटिक होगी कार की पार्किंग, एक साथ खड़ी हो सकेंगी 80 गाड़ियां शहर के पुराने बस स्टैंड के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग शुरू हो गई है। 12.60 करोड़ रुपए की लागत से बने इस पार्किंग भवन का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकार्पण किया। पांच मंजिला इस भवन में एक साथ 80 कारें खड़ी हो सकेंगी। यहां चालक को भूतल पर कार खड़ी कर बाहर निकलना होगा। इसके बाद एलिवेटर कार को तय मंजिल तक पहुंचाएगा और शटल रोबो उसे खाली जगह पर पार्क करेगा। कार वापस लेने के लिए सिस्टम उसे अपने आप निकास द्वार तक पहुंचा देगा। …………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… CM साय बोले-जनजातीय नायकों के बलिदान को देश याद रखेगा, बिलासपुर में शटल-तकनीक पार्किंग का करेंगे लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को बिलासपुर के गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में जनजातीय नायकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। पढ़ें पूरी खबर…
