मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शुक्रवार रात बड़ी चोरी हुई। चोरों ने बदरवास CM राइज स्कूल के प्राचार्य महेंद्र कुमार गुप्ता के घर को निशाना बनाते हुए करीब 1 करोड़ रुपए की चोरी की। आरोपी घर से सोने-चांदी के जेवर और कैश लेकर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, बदरवास कस्बे के वार्ड क्रमांक 8 निवासी महेंद्र कुमार गुप्ता शुक्रवार रात पत्नी के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर के पीछे से पहुंचे। किचन की खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी को निशाना बनाया। बेटा बहू डॉक्टर और इंजीनियर हैं CM राइज स्कूल के प्राचार्य महेंद्र गुप्ता शासकीय शिक्षक हैं। उनके परिवार में दो बेटे और दो बहुएं हैं। परिवार के सदस्य अलग-अलग पेशों में कार्यरत हैं। एक बेटा और एक बहू डॉक्टर हैं, जबकि दूसरा बेटा इंजीनियर है और उसकी पत्नी बैंक में नौकरी करती हैं। चोरी से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए… पत्नी और बेटे-बहू के साथ घर में थे महेंद्र कुमार महेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार सुबह वह अपने बेटे हर्षित गुप्ता के साथ थाने पहुंचे। पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। उस समय घर में पत्नी गिरजा गुप्ता, बेटा हर्षित गुप्ता और बहू पूनम गुप्ता मौजूद थे। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 5 बजे जब उनकी नींद खुली, तो सामने के दोनों कमरों के दरवाजे अंदर से बंद मिले। गेट खोलने की कोशिश करने पर पता चला कि दोनों कमरों की कुंडी अंदर से लगी हुई थी। बालकनी से देखा, तो किचन की खिड़की की लोहे की ग्रिल बाहर निकली हुई थी। CCTV कैमरे 24 घंटे पहले ही बंद कर दिए गए थे चोरी की वारदात के बाद जांच में सामने आया कि महेंद्र गुप्ता के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे करीब 24 घंटे पहले ही बंद हो गए थे। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने वारदात से पहले घर की रेकी की थी। पुलिस को मकान के पीछे स्थित करीब दो बीघा जमीन के पास एक सीढ़ी भी मिली है। आधा किलो सोना और 4 किलो चांदी ले गए चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब आधा किलो सोने के जेवर (करीब 80 लाख), लगभग 4 किलो चांदी (10-15 लाख) और 10 लाख रुपए कैश चोरी कर लिए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है। चोरी हुए सामानों में सोने की 16 अंगूठियां, 12 टोप्स, 4 मंगलसूत्र, 1 ठुस्सी, 1 हार, 4 चूड़ियां, 4 बाला, 1 गोल, 4 चैन और 4 मोहर शामिल हैं। वहीं चांदी के जेवरों में 20 जोड़ी पायल, 4 हैवी पायल, 2 कमरपेटा और 1 खगुरिया शामिल हैं। सामान बिखरा मिला, अलमारी का ताला टूटा शनिवार सुबह परिवार के सदस्य जागे तो घर का सामान बिखरा मिला। अलमारी का ताला टूटा हुआ था। इसके बाद चोरी का पता चला। परिवार ने तुरंत बदरवास थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस बड़ी चोरी की वारदात के बाद कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। …………………………………… यह खबरें भी पढ़ें 1. भोपाल में रिटायर्ड जज के घर से चार LPG सिलेंडर चोरी एलपीजी सिलेंडर की चोरी…वो भी रिटायर्ड जज के घर से। देशभर में एलपीजी संकट के बीच गैस सिलेंडर की चोरी का ये मामला भोपाल का है। वहीं, कटनी में एक ही हफ्ते में चार सरकारी स्कूलों से 11 सिलेंडर चोरी हो गए हैं। पढ़ें पूरी खबर… 2. मुरैना में चोर ले गए जेवर, नकदी और बंदूक जौरा विकास खंड के एक गांव में अज्ञात चोरों ने चोरी को घटना को दिन दहाड़े अंजाम दिया और फिर फरार हो गए। घर वाले अपने आए कुछ मेहमानों की खातिरदारी में लगे रहे जब तक छत के रास्ते आए चोरों ने चोरी की और फिर उसे रास्ते फरार हो गए। चोरी में लाइसेंसी बंदूक, नगदी, सोने चांदी के जेवर सहित कुल 26 लाख की चोरी बताई गई है। पढ़ें पूरी खबर…
