शहडोल में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में कनिष्क सिंह उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया गया है। मामले में 23 साल की पीड़ित छात्रा ने 45 ऑडियो-वीडियो, 139 चैट और 15 रील होने का दावा किया है। पीड़िता के मुताबिक, दूसरे की आईडी से एक चैट में आरोपी ने लिखा है- ‘सेक्स सर्विस देता हूं।’ शिकायत के मुताबिक, 2023 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान कनिष्क से हुई थी। जनवरी 2024 में दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुए। लड़की का आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह तीन बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने गोलियां देकर गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी थी। आरोपी का बड़ा भाई हर्ष प्रताप सिंह बुढ़ार जनपद का उपाध्यक्ष और भाजपा नेता है। आरोपी की गिरफ्तारी बुढार से हुई है। पहले सुनिए- ऑडियो में पीड़िता और आरोपी की बातचीत के अंश ऑडियो रिकॉर्डिंग-1 के अंश: पीड़िता बोली- मैं मेंटली पागल हो रही हूं लड़की: देख यार छोटू, मेरा अब दिमाग खराब हो रहा है। मैं पागल हो जाऊंगी। पागल होऊंगी तो मैं सब बता दूंगी। मैं मेंटली पागल हो रही हूं… आरोपी: क्यों, तू बोल रही… लड़की: नहीं! आरोपी: मैं तो वही बात… लड़की: मेरा क्लियर कर। मेरा… मेरा हर चीज क्लियर कर। मेरे जो वीडियो-वीडियो बनाकर रखे हैं ना, सब मेरे सामने डिलीट कर। मुझे दिखा। अपने फोन में से निकालकर मेरे हाथ में दिखा। हां, मुझे दिखा, दिखा, दिखा। मुझे दिखा। आरोपी: अरे, स्क्रीन शेयरिंग करके दिखा दूं? लड़की: नहीं, नहीं, नहीं, नहीं! वो… तुम्हारे पास दो ईमेल हैं। अपनी अम्मा को बेवकूफ बनाना, अपने खानदान को। मुझे नहीं! मैं देख चुकी हूं। डिवाइस से तुम डिलीट करके अपने जीमेल में सब सेव रखते हो। मैं जानती हूं, सेव है। तभी तो मुझे ब्लैकमेल किया करता था! सेव है, मुझे देखना है, मुझे दिखा। मुझे अपने सामने हर चीज डिलीट करवानी है। आरोपी: अरे, नहीं… नहीं है, तो क्या दिखा दूं? लड़की: मत करो। मत करो, अब क्लियर… मत करो। मुझसे मत कहना। तू मेरे साथ जो कर रहा है ना, वो मैं नहीं करने दूंगी। यह बात तू भी जान ले। ऑडियो रिकॉर्डिंग-2 के अंश: युवती का दावा- आरोपी के बड़े भाई ने दी धमकी पीड़ित लड़की: नहीं, नहीं… आंटी, आप मुझे बोलीं? किस हक से मुझे बोल रही हैं? आपका बेटा होगा, ठीक है? मैं आपके घर आ रही हूं और पुलिस में शिकायत करूंगी कि मुझे ऐसा-ऐसा बोला जा रहा है। ये कौन हैं मुझे बोलने वाली? आरोपी का बड़ा भाई: तुम फोन क्यों कर रही हो? पीड़ित लड़की: वो जो-जो आंटी ने कहा होगा… आरोपी का बड़ा भाई: नहीं, ठीक बोली हैं। तो तुमने क्या पंचायत लगा रखी है? फोन क्यों किया था तुमने? पीड़ित लड़की: तो इन्होंने मेरे छोटू के ऊपर साइन किया है। मैं भी एसपी ऑफिस जाकर सारे सबूत देकर आती हूं। आरोपी का बड़ा भाई: हां, जाओ तुम एसपी ऑफिस और जहां-जहां जाना है, जाओ। पीड़ित लड़की: जाऊंगी ही। आरोपी का बड़ा भाई: बिल्कुल जाओ और आज ही जाना। पीड़ित लड़की: आज ही जाऊंगी। मैं छोटू सिंह से डरती नहीं हूं। आज तक की हर बात का प्रूफ है मेरे पास। आज तक उसने मेरे साथ क्या-क्या किया है, सबका सबूत है। आरोपी का बड़ा भाई: हां, ठीक है। सारे सबूत रख लो और जितने भी हैं, सब वायरल भी कर दो। कोई दिक्कत नहीं है, ठीक है ना? पीड़ित लड़की: हां, बताऊंगी… इंस्टाग्राम से शुरू हुई पहचान, शादी के वादे का आरोप पीड़िता BSc और PGDCA की पढ़ाई कर रही है। शिकायत के मुताबिक, 2023 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान केशवाही निवासी कनिष्क सिंह उर्फ छोटू से हुई थी। जनवरी 2024 में दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुए। युवती का आरोप है कि 29 अक्टूबर 2024 को आरोपी उसे ग्राम कुम्हारी में एक खाली बाड़े में ले गया और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह शादी का वादा कर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग का आरोप पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि संबंधों के दौरान वह तीन बार गर्भवती हुई। आरोपी उसे गर्भपात की गोलियां देता था और शादी के बाद बच्चा करने की बात कहता था। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो भी बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता ने पुलिस को मोबाइल चैट, फोटो और वीडियो सहित डिजिटल साक्ष्य सौंपने की बात कही है। उसके मुताबिक, मामले से जुड़े 45 ऑडियो-वीडियो, 139 चैट और 15 रील हैं। शादी से इनकार, परिजनों पर धमकी देने का आरोप पीड़िता के मुताबिक, आरोपी के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इसके बाद कनिष्क ने शादी करने से इनकार कर दिया। युवती ने आरोपी के परिवार के लोगों पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। उसका दावा है कि धमकी से जुड़ी रिकॉर्डिंग भी उसके पास है। युवती ने कनिष्क के बड़े भाई हर्ष प्रताप सिंह, जो भाजपा नेता और बुढ़ार जनपद के उपाध्यक्ष हैं, पर सामने और मोबाइल पर धमकी देने का आरोप लगाया है। उसने कनिष्क के बड़े पिता विक्रम सिंह पर भी गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। युवती का कहना है कि उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी है। उसने खुद और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की चिंता जताई है। युवती का सवाल- सिर्फ धारा 69 क्यों लगाई? पीड़िता का आरोप है कि उसने महिला थाने में दर्ज शिकायत में शारीरिक शोषण, अश्लील वीडियो बनाने, उन्हें वायरल करने की धमकी देने और ब्लैकमेलिंग की बातें बताई थीं। इसके बावजूद पुलिस ने बीएनएस की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया। युवती सवाल उठा रही है कि उसकी शिकायत में बताए गए अन्य आरोपों पर अलग धाराएं क्यों नहीं लगाई गईं। अश्लील वीडियो फर्जी आईडी पर किए पोस्ट युवती का आरोप है कि कनिष्क ने शारीरिक संबंध बनाते समय उसके अश्लील वीडियो बना लिए थे।आरोपी ने उसके नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाई और उस पर वीडियो पोस्ट किए। आरोपी ने ये वीडियो मुझे भी भेजे थे। शहडोल के पारुल पैलेस में भी अश्लील वीडियो बनाए है। युवती ने कहा कि विरोध करने पर आरोपी ने मेरे साथ मारपीट की और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसी दबाव में आरोपी ने कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। इन आरोपों की पुष्टि डिजिटल साक्ष्यों और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। अलग-अलग नंबरों से कॉल-मैसेज करने का आरोप लड़की ने दावा किया कि आरोपी कनिष्क सिंह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे कॉल और मैसेज करता था। उसके मुताबिक, आरोपी लगातार संपर्क करता था। लड़की का कहना है कि मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य उसके पास हैं, जिन्हें उसने पुलिस को देने की बात कही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद बुढ़ार पुलिस ने कनिष्क सिंह उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बुढ़ार थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि केशवाही चौकी क्षेत्र की युवती की शिकायत पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के मामले में केस दर्ज किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। एएसपी बोले- शिकायत पर कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया एएसपी अभिषेक दीवान ने बताया कि एक युवती ने बुढ़ार थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब दो-तीन वर्ष पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी कनिष्क सिंह नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। दोस्ती के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। इस दौरान वह दो-तीन बार गर्भवती हुई और आरोपी ने उसका गर्भपात कराया। एएसपी के मुताबिक, बाद में शादी की बात करने पर आरोपी मुकरने लगा और युवती के फोटो आदि वायरल करने की धमकी देने लगा। शिकायत पर कनिष्क सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। ======================= ये खबर पढ़ें… इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर रेप, 3 बार गर्भपात कराया:गर्लफ्रेंड बोली- मंगेतर को भेजे अश्लील वीडियो शहडोल में 23 वर्षीय युवती ने कनिष्क सिंह उर्फ छोटू पर शादी का वादा कर रेप करने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि वह तीन बार गर्भवती हुई और उसका गर्भपात कराया गया। युवक ने उसके अश्लील वीडियो और चैट्स मंगेतर को भेज दिए, जिससे उसकी शादी टूट गई। पूरी खबर पढ़ें…
