मंदसौर के अंबाबाड़ी क्षेत्र में भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी के घर चोरी का प्रयास किया गया। यह घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हुई, जब एक बदमाश पाइप के सहारे मकान में घुसा। घर में आहट होने पर बदमाश भागने लगा। इसी दौरान वह जिस पाइप के सहारे ऊपर चढ़ा था, वह टूट गया और बदमाश नीचे खड़ी कार पर जा गिरा। यह पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि भागने के प्रयास में चोर का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे कार की छत पर गिरा। इस हादसे में कार की विंडशील्ड और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, चोर को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह घटना स्थल से फरार हो गया। तीन तस्वीरों में देखिए घटना… परिवार घर के पिछले हिस्से मे सो रहा था
मकान मालिक और भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी पंकज जोशी ने बताया कि घटना के समय उनका परिवार घर के पिछले हिस्से में सो रहा था। बदमाश छत के रास्ते घर में घुसा और कमरों में रखी अलमारियों को खंगाला। उसे कोई कीमती सामान नहीं मिला, जिसके बाद वह खिड़की के रास्ते बाहर निकलने लगा। जैसे ही उसने पाइप पर पैर रखा, वह टूट गया और चोर नीचे खड़ी कार पर गिर गया। पास के मकान में भी चोरी की कोशिश की
पंकज जोशी के मुताबिक, कार पर गिरने के बाद बदमाश मौके से भाग गया था। हालांकि, लगभग 15 से 20 मिनट बाद वह फिर उसी इलाके में लौटा और पीछे स्थित एक अन्य मकान में घुसने का प्रयास किया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बदमाश करीब आधे घंटे तक क्षेत्र में घूमता रहा। लोगों को आशंका है कि आरोपी आसपास का ही रहने वाला हो सकता है, क्योंकि उसे इलाके की पूरी जानकारी थी और वह एक के बाद एक मकानों में घुसने की कोशिश कर रहा था। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मकान मालिक और स्थानीय लोगों ने आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले की जानकारी ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
