महू के बदगोंदा थाना क्षेत्र स्थित बेरछा जंगल में एक छात्रा से दो बदमाशों ने रेप किया। आरोपियों ने उसके साथ आए दोस्त को लाठी-डंडों से पीटकर उसे जंगल से भगा दिया। घटना मंगलवार शाम की है। दरअसल, इंदौर के एक कॉलेज की छात्रा मंगलवार दोपहर अपने दोस्त के साथ बेरछा क्षेत्र के जंगल में पहुंची थी। दोनों लगनचा मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद वे जंगल में एक सुनसान जगह पर बैठे। इसी दौरान पीछे से दो बदमाश आए। दोस्त को लाठियों से मारकर भगाया, छात्रा से किया रेप पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों ने युवती के दोस्त को लाठी से पीटकर वहां से भगा दिया और छात्रा के साथ रेप किया। पीड़िता के दोस्त ने जंगल से बाहर आते ही डायल-112 पर कॉल किया। सूचना मिलने पर बड़गोंदा पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक और छात्रा को थाने ले आई। घटना के बाद युवक-युवती का मेडिकल टेस्ट कराया गया। आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, युवक की गर्दन और हाथों में चोट के निशान पाए गए हैं। छात्रा की गर्दन और चेहरे पर भी खरोंचें मिली हैं। बताया गया है कि छात्रा ने बदमाशों से बचने के लिए संघर्ष किया, जिसके कारण उसके चेहरे और गर्दन पर नाखूनों से चोटें आईं। इस मामले में इंदौर ग्रामीण के एएसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि देर रात बड़गोंदा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और उनकी तलाश जारी है।
