महेश्वर तहसील के ग्राम करोंदिया में सोमवार देर शाम बच्चा चोरी की आशंका के चलते ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। युवक की जिसकी जेब से बड़ी मात्रा में चॉकलेट और पाउडर के डिब्बे मिले हैं। सूचना मिलते ही मंडलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। ग्रामीणों के अनुसार, युवक गांव में संदिग्ध तरीके से घूम रहा था। जब उसे रोककर तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से निकली चॉकलेट और पाउडर निकला। आशंका जताई जा रही है कि इनका इस्तेमाल बच्चों को लालच देने या बेहोश करने के लिए किया जाना था। पकड़े गए युवक की पहचान अमरावती (महाराष्ट्र) निवासी रूपेश भगुल के रूप में हुई है। अंधेरे का फायदा उठाकर भागे चार साथी ग्रामीणों ने बताया कि रूपेश अकेला नहीं था, उसके साथ चार और साथी भी थे। जैसे ही ग्रामीणों ने घेराबंदी शुरू की, अन्य चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस अब फरार साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस खंगाल रही अंतरराज्यीय कनेक्शन पुलिस ने युवक का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उससे पूछताछ की। मंडलेश्वर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महाराष्ट्र का रहने वाला यह युवक महेश्वर के ग्रामीण इलाकों में क्यों घूम रहा था। थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया- युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसके परिजनों और संबंधित पुलिस स्टेशन पर बात हुई है। मामले की जांच जारी है।
