सीहोर जिले के बुधनी स्थित रेहटी वन परिक्षेत्र की ढाबा बीट में सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम को नदी के उस पार कई पेड़ों के ताजा कटे ठूंठ मिले हैं। ढाबा बीट के कंपार्टमेंट नंबर 530 के करीब 30 हेक्टेयर इलाके में कटाई की जानकारी मिली थी। मौके पर अलग-अलग जगहों पर सागौन के पेड़ों के ठूंठ मिले। कुछ पेड़ों को काटकर लकड़ी तैयार किए जाने के संकेत भी मिले हैं। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से अवैध कटाई की गतिविधियां चलने की चर्चा है। बताया गया है कि दो-तीन दिन पहले तस्करों से जुड़ी दो बाइक भी जब्त की गई थीं। वन विभाग ने कहा कि जंगलों की सुरक्षा के लिए समय-समय पर कदम उठाए जाते हैं। विभाग की जांच में कटाई के पीछे किन लोगों के नाम सामने आते हैं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होती है, यह स्पष्ट होना बाकी है।
