छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से थाने के भीतर रिश्वत लेने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक कॉन्स्टेबल पैसे लेते नजर आ रहा है, जबकि सामने बैठा एएसआई मोबाइल पर एक महिला की तस्वीर को जूम कर देखता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी अंकिता शर्मा ने दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। एएसआई पर वर्दी में न रहने और पुलिस की छवि खराब करने के आरोप में कार्रवाई हुई, जबकि कॉन्स्टेबल पर रिश्वत लेने के आरोप में एक्शन लिया गया। मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है। एएसआई का नाम रोहित खूंटे है, जबकि कॉन्स्टेबल का नाम लक्ष्मी शंकर कंवर है। दोनों डोंगरगढ़ थाने में ही पदस्थ हैं। वीडियो में कोर्ट में चालान पेश करने को लेकर बातचीत और लेनदेन होता नजर आ रहा है। हालांकि पूरा मामला क्या है, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। 100-100 रुपए के नोट लेते दिखा कॉन्स्टेबल वायरल वीडियो में थाने के भीतर एएसआई रोहित खूंटे मोबाइल में महिला की तस्वीर को जूम कर देखते नजर आ रहा है। वहीं वर्दीधारी कॉन्स्टेबल लक्ष्मी शंकर कंवर 100-100 रुपए के नोट लेते और उसे अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दे रहा है। समझौता, जमानत और चालान से जुड़ी बातचीत इसके अलावा वीडियो में समझौता, जमानत और चालान से जुड़ी बातचीत होने की बात भी सामने आ रही है। साथ ही “मामला निपटाने” की चर्चा भी की जा रही है। वायरल वीडियो को हाल ही का, यानी पिछले एक सप्ताह के भीतर का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। SP ने किया सस्पेंड बुधवार देर शाम इस पूरे मामले में एसपी अंकिता शर्मा ने एएसआई रोहित खूंटे और कॉन्स्टेबल लक्ष्मी शंकर कंवर को निलंबित कर दिया। इसी के साथ दोनों को रक्षित केंद्र में लाइन अटैच किया गया है। वे एसपी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। ………………………. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… बिलासपुर में कॉन्स्टेबल का 1 लाख रिश्वत लेने का VIDEO: पीड़ित बोला- सरकारी क्वॉर्टर में बुलाकर डराया-धमकाया, जमीन गिरवी रखकर पैसा दिया, CM-गृहमंत्री से शिकायत छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिसकर्मी रिश्वत लेते कैमरे में कैद हुआ है। कॉन्स्टेबल ने आबकारी एक्ट के केस में फंसाने की धमकी देकर 1 लाख 5 हजार रुपए लिए हैं। कॉन्स्टेबल पैसे गिनते हुए नजर आ रहा है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…
