बड़वानी जिले के पाटी थाना क्षेत्र में महज 100 रुपए के मामूली विवाद में एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 35 साल के फुलसिंग के रूप में हुई है। तीन आरोपी पुलिस ने पकड़ लिए हैं। पुलिस ने रविवार दोपहर को इस घटना की जानकारी दी। बताया गया कि फुलसिंग ने आरोपी मनीष से 100 रुपए उधार लिए थे। उधारी चुकाने की बात पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने फुलसिंग के सिर, सीने और शरीर के प्राइवेट पार्ट के हिस्सों पर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शुरू की तलाश पाटी थाना प्रभारी रामदास यादव ने बताया कि वारदात के बाद तीनों युवक मौके से भाग निकले। खबर मिलने पर थाना प्रभारी और सहायक उप निरीक्षक ब्रजेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीनों आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने तीन युवकों पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने टीम बनाकर आरोपी मनीष पिता काशीराम निवासी पटेल फलिया पाटी, वीरेंद्र पिता सकाराम सोलंकी निवासी पटेल फलिया पाटी और रणछोड़ पिता अम्बाराम निवासी पटेल फलिया पाटी को गिरफ्तार कर लिया है।
