शिवपुरी जिले के भौती थाना क्षेत्र के खोड़ गांव में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात पांच नकाबपोश बदमाश संदिग्ध हालत में घूमते दिखाई दिए। उनके हाथों में लोहे की रॉड सहित अन्य हथियार थे। बदमाशों की गतिविधियां CCTV कैमरे में कैद हुई हैं। रात करीब 12:30 बजे शटर चौराहा पर दिखाई देने के बाद बदमाश करीब दो घंटे तक कस्बे में घूमते रहे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग जगहों पर रैकी की। आशंका है कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। हालांकि, उन्हें चोरी के लिए कोई खास सामान नहीं मिला। इसके बाद बदमाश खोड़ निवासी मनोज नीखरा के मकान के बाहर पहुंचे। उन्होंने घर के बाहर लगा LED बल्ब निकाला और वहां से फरार हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मनोज नीखरा और गांव के लोग खोड़ चौकी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को घटना की शिकायत दी। ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने और CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की। खोड़ चौकी प्रभारी संजय लोधी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
