छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में MBBS की पढ़ाई कर रहे छात्र अभिजीत देवांगन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार रात पीजी के कमरे में पंखे से फंदे पर लटकता हुआ उसका शव मिला। वह चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपने मम्मी-पापा से माफी मांगी है। बताया जा रहा है कि पिछली परीक्षा में दो सब्जेक्ट में बैक लगने के बाद से वह परेशान था। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। मामला स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का है। 5 दिन पहले ही PG में रहने आया था अभिजीत चरोदा के जंजगीरी गांव का रहने वाला था। पिता तीरथ राम देवांगन ने बताया कि, अभिजीत कोहका स्थित अवंति बाई चौक में एक PG में किराए पर रह रहा था। कुछ दिन पहले उसने घर से अलग रहकर पढ़ाई करने की इच्छा जताई थी।मेरी सहमति मिलने के बाद 10 दिन पहले PG लिया था। इसके बाद सिर्फ 5 दिन ही PG में रहा। दो विषयों में बैक लगने के बाद था मायूस पिता के मुताबिक, अभिजीत ने मेहनत कर NEET परीक्षा पास की थी। इसके बाद चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में MBBS में दाखिला लिया था। वह थर्ड ईयर का छात्र था। पिछली परीक्षा में दो विषयों में बैक लगने के बाद से वह निराश रहने लगा था। परिजन पहुंचे तो अंदर से बंद था कमरे का दरवाजा 25 नवंबर की रात अभिजीत के परिवार वाले किसी काम से भिलाई आए थे। वे मेडिकल स्टोर से दवाई लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें बेटे से मिलने का मन हुआ और वे उसके PG पहुंच गए। वहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन 10 से 15 बार कॉल करने के बाद भी जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखा तो फंदे पर लटका मिला इसके बाद परिजनों ने PG में रहने वाले दूसरे छात्रों को जानकारी दी। खिड़की से कमरे के अंदर रोशनी डालकर देखा गया तो अभिजीत पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना स्मृतिनगर चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस कर रही मामले की जांच सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे की जांच और पंचनामा कार्रवाई के बाद गुरुवार को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
