मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता उमा भारती ने चुनाव में टिकट मिलने के सवाल पर तीखा बयान दिया है। ग्वालियर में मीडिया और समर्थकों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा- किसी की औकात नहीं है, जो मुझे टिकट दे। मैं खुद तय करती हूं कि मुझे चुनाव लड़ना है या नहीं। उमा भारती बुधवार शाम को वंदे भारत एक्सप्रेस से भोपाल जाने के लिए ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। हालांकि, ट्रेन आने से करीब 5 मिनट पहले उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्होंने यात्रा रद्द कर दी और सर्किट हाउस लौट गईं। फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में आराम कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक उनकी स्थिति सामान्य है। एक घंटे पहले ही स्टेशन पहुंच गई थीं जानकारी के अनुसार उमा भारती वृंदावन से लौटते समय ग्वालियर में रुकी थीं। बुधवार शाम उन्हें वंदे भारत एक्सप्रेस से भोपाल जाना था। वे निर्धारित समय से करीब एक घंटे पहले स्टेशन पहुंच गई थीं। यहां प्लेटफॉर्म पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आने का अनाउंसमेंट हुआ। इसके कुछ देर पहले ही उन्हें असहजता महसूस हुई। उन्होंने तत्काल भोपाल जाने का कार्यक्रम रद्द किया और सर्किट हाउस लौट गईं। उनके स्टेशन से निकलने के करीब 5 मिनट बाद ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची। टिकट के सवाल पर बोलीं- फैसला मैं खुद करती हूं स्टेशन पर बातचीत के दौरान उनसे आगामी चुनाव और टिकट वितरण को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उमा भारती ने स्पष्ट कहा कि चुनाव लड़ना है या नहीं, इसका फैसला वे खुद करती हैं। उनके बयान को टिकट के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहने के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
