धार में पुलिस विभाग में पदस्थ एक कांस्टेबल पर पत्नी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। बुधवार को हुए विवाद में कांस्टेबल ने कथित तौर पर पत्नी का सिर दीवार पर पटक दिया। इससे महिला के सिर में चोट आई। महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला ने बताया कि पति शराब पीकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। वह बच्चों के सामने भी गाली-गलौज करता है। पत्नी का यह भी कहना है कि पति को उसकी एमपीपीएससी की पढ़ाई पसंद नहीं है। मामला डीआरपी लाइन में पदस्थ कांस्टेबल संग्राम सिंह लोधी से जुड़ा है। वह कोर्ट में ड्यूटी करता है। पत्नी के मुताबिक, बुधवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की और सिर दीवार पर पटक दिया। चोट लगने के बाद महिला जिला अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। पहले भी पति को छोड़कर जा चुकी है महिला महिला ने बताया कि पति के शराब पीकर मारपीट करने से परेशान होकर वह पहले भी कई बार उसे छोड़कर जा चुकी है। इसी दौरान संग्राम सिंह सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। तब उसने पत्नी से कहा था कि इस मुश्किल समय में तुम मेरा साथ नहीं दोगी तो कौन देगा। महिला के मुताबिक, पति की बात पर भरोसा कर वह दोबारा उसके पास लौट आई। उसने मुश्किल समय में पति का साथ दिया, लेकिन इसके बाद भी उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। पढ़ाई करने पर भी होता है विवाद पत्नी ने बताया कि वह एमपीपीएससी की तैयारी कर रही है। पति को उसकी पढ़ाई पसंद नहीं है। इसी बात को लेकर भी दोनों के बीच विवाद होता है। दंपती के 11 साल की बेटी और 6 साल का बेटा है। महिला का आरोप है कि पति दोनों बच्चों के सामने ही उसके साथ मारपीट करता है और गाली-गलौज करता है। वह लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा है।
