केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी गुरुवार को ‘संविधान दिवस’ के अवसर पर इंदौर पहुंचे। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के खंडवा रोड परिसर स्थित स्कूल ऑफ कॉमर्स में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा में उन्होंने देश में एलपीजी की उपलब्धता, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और ऊर्जा जरूरतों को लेकर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में घरेलू एलपीजी की कोई कमी नहीं है। सरकार ने घरेलू उत्पादन बढ़ाकर करीब 55 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन तक पहुंचा दिया है। पुरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण शुरुआत में एलपीजी की आपूर्ति को लेकर आशंकाएं और अफवाहें फैली थीं। इससे लोगों में अनावश्यक डर पैदा हुआ और कुछ जगहों पर जमाखोरी तथा कालाबाजारी की स्थिति बनी। सरकार ने लगातार निगरानी और बैठकों के जरिए आपूर्ति व्यवस्था को संभाला। उन्होंने बताया कि देश में घरेलू एलपीजी का उत्पादन पहले करीब 34 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन था, जिसे बढ़ाकर लगभग 55 हजार मीट्रिक टन किया गया है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें कई कारकों पर निर्भर पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इनके दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के अलावा परिवहन, रिफाइनिंग लागत और डीलर कमीशन जैसे कई कारकों पर निर्भर करते हैं। इन सभी का कीमतों पर असर पड़ता है। सरकार का इन कीमतों पर कोई जादुई नियंत्रण नहीं है। छात्रा ने E-20 ईंधन को लेकर पूछा सवाल कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विषयों पर केंद्रीय मंत्री से सवाल भी किए। एक छात्रा ने E-20 पेट्रोल को लेकर सवाल पूछा। इस विषय पर विद्यार्थियों की जिज्ञासा के बीच एथेनॉल ब्लेंडिंग और देश की ऊर्जा जरूरतों का मुद्दा भी चर्चा में रहा। इस दौरान इंदौर सांसद शंकर लालवानी, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलपति सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विश्वविद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे। मालवांचल यूनिवर्सिटी में भी संविधान दिवस पर संगोष्ठी इधर, मालवांचल यूनिवर्सिटी और इंडेक्स समूह संस्थान में भी संविधान दिवस पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें राज्यसभा सांसद एवं भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. कविता पाटीदार ने विद्यार्थियों से संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका पर संवाद किया। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों का बोध भी कराता है। युवाओं को स्वतंत्रता का उपयोग समाज और राष्ट्र के हित में करना चाहिए। मुख्य वक्ता न्यायाधीश डॉ. अनिल पारे ने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और न्याय व्यवस्था की भूमिका पर विद्यार्थियों को जानकारी दी। कार्यक्रम में अभिभाषक संघ इंदौर के सचिव धर्मेंद्र गुर्जर सहित संस्थान के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
