कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में तेवरी गांव के पास NH-30 पर गुरुवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। युवक का सिर धड़ से करीब 10 फीट दूर पड़ा मिला। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मौके से फरार है चालक स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक सड़क किनारे खड़ा था। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई और वाहन चालक वहां से भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर स्लीमनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
शव क्षत-विक्षत होने से नहीं हुई पहचान
थाना प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि शव क्षत-विक्षत होने के कारण युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के थानों और इलाकों में युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश भी जारी है।
