नर्मदापुरम कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान मंगलवार को जिले में पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने मानवता और बहादुरी की दो अलग-अलग मिसालें पेश की। तवा-नर्मदा नदी के संगम स्थल बांद्राभान मेले में स्नान करने आई एक गर्भवती महिला ने घाट पर ही बच्चे को जन्म दिया, जिसके बाद होमगार्ड और सिविल डिफेंस की टीम ने हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच से जच्चा-बच्चा को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं दूसरी तरफ, पिपरिया के सांडिया स्थित सीताराम घाट पर नर्मदा नदी में डूब रही 12 साल की एक बच्ची को बचाने के लिए थाना प्रभारी आदित्य सेन ने बिना वर्दी उतारे ही नदी में छलांग लगा दी और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कार्तिक पूर्णिमा पर बांद्राभान में लगे विशाल मेले में मंगलवार को 2 लाख से ज्यादा श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे थे। इसी भीड़ में बैतूल जिले के कोपालिया गांव की रहने वाली 20 वर्षीय राधा पति प्रमोद काजले भी अपने परिवार के साथ स्नान करने आई थीं। संगम स्थल पर अचानक राधा को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई, जिसके बाद साथ आई परिवार की महिलाओं ने मौके पर ही उसकी डिलीवरी कराई। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर तैनात होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम ने बिना एक पल गंवाए मोर्चा संभाला। प्रभारी कंपनी कमांडर अमृता दीक्षित और शिवराज चौधरी के नेतृत्व में जवान दीवेश शर्मा, अजय यादव, प्रिया यादव, कर्मवीर, प्रेरणा और सिविल डिफेंस के विजेंद्र सरयाम ने तुरंत जच्चा-बच्चा को स्ट्रेचर पर लिटाया। जवानों ने मेले की भारी भीड़ को चीरते हुए दोनों को नदी पार कराया और सुरक्षित स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस तक पहुंचाया, जहां से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। समय पर मदद मिलने से मां और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। सांडिया घाट पर डूब रही बच्ची को बचाने वर्दी में ही नदी में कूदे टीआई दूसरी घटना पिपरिया के सांडिया स्थित सीताराम घाट की है, जहां स्नान के दौरान 12 साल की एक बच्ची अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे मंगलवारा थाना प्रभारी (टीआई) आदित्य सेन की नजर जैसे ही डूबती बच्ची पर पड़ी, उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना और वर्दी उतारे बगैर सीधे नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। टीआई ने तैरकर बच्ची को पकड़ा और सुरक्षित किनारे तक ले आए। दोनों घटनाओं में जवानों और पुलिस अधिकारी की इस फुर्ती और संवेदनशीलता की इलाके में जमकर तारीफ हो रही है।
