शाजापुर में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाई गई। लोगों ने घरों और मंदिरों में दीप जलाए और रंगोलियां बनाईं। मंदिरों में भगवान का विशेष श्रृंगार कर छप्पन भोग चढ़ाया गया। शाम को बड़ी संख्या में श्रद्धालु महूपुरा स्थित चीलर नदी घाट पर दीप विसर्जन के लिए पहुंचे। यह सिलसिला देर रात तक चला। महिलाओं ने चीलर नदी में प्रवाहित किए दीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पालिका ने एक दिन पहले ही घाटों की सफाई करवाई थी। शाम से शुरू हुआ दीप विसर्जन देर रात तक जारी रहा। महिलाओं ने नदी में दीप प्रवाहित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। जगदीश और राजराजेश्वरी मंदिर में हुई दीप सज्जा देव दीपावली पर महूपुरा स्थित जगदीश मंदिर, मां राजराजेश्वरी मंदिर और भावसार मोहल्ला स्थित मंदिर में दीप सजाए गए। कई मंदिरों में भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। छप्पन भोग चढ़ाने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी बांटी गई। सोमवारिया बाजार में देर रात तक हुई आतिशबाजी लोगों ने घरों को दीपों से सजाया और रंगोलियां बनाईं। सोमवारिया बाजार सहित शहर के कई इलाकों में बच्चों और बड़ों ने देर रात तक पटाखे चलाए। आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता रहा।
