मध्य प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से बाहर नहीं किया जाएगा। उनकी नियुक्ति के संबंध में मौजूदा व्यवस्था जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की बातें भ्रामक बताई हैं। दरअसल, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के एक आदेश के बाद आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी पर संकट की आशंका जताई जा रही थी। आदेश में वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत 31 मार्च 2027 तक नियमित पदों के विरुद्ध रखे गए आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई पूरी करने को कहा गया था। फोर्थ ग्रेड कर्मचारियों की दी थी छूट इसमें चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को छूट दी गई थी। बाकी श्रेणियों में आउटसोर्स सेवाएं समाप्त कर उनकी जगह जरूरत के मुताबिक नियमित पदों पर भर्ती करने की तैयारी थी। ढाई लाख कर्मचारियों की नौकरी पर जताई गई थी आशंका आदेश के बाद अस्थायी आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने दावा किया था कि प्रदेश में चतुर्थ श्रेणी को छोड़कर करीब 2 से ढाई लाख आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। उनके मुताबिक, प्रदेश के विभिन्न विभागों में 5 लाख से ज्यादा आउटसोर्स कर्मचारी काम कर रहे हैं। इनमें डेटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर और ऑफिस असिस्टेंट सहित कई श्रेणियों के कर्मचारी शामिल हैं। बिजली कंपनियों, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत, कलेक्ट्रेट, शिक्षा, लोक निर्माण और जल संसाधन विभाग में भी आउटसोर्स कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। CM बोले- कर्मचारियों का सम्मान, आर्थिक सुरक्षा प्राथमिकता मुख्यमंत्री मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास के संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की ताकत और पहचान कर्मचारियों की बुलंदी से होती है। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है और योजनाएं तैयार करती है, लेकिन उन्हें अंतिम पंक्ति के जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर्मचारी करते हैं। कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पदोन्नति, भर्ती और भत्तों पर भी कही बात मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रिक्त पदों पर भर्ती का क्रम जारी रहेगा। उनके मुताबिक, प्रदेश के सभी विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने शासकीय सेवकों के लिए दो बच्चों की सीमा की नीति समाप्त की है। सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति में कुछ शर्तों के साथ CPCT की अनिवार्यता से छूट दी गई है। कर्मचारियों के करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण भी किया गया है। अनुकंपा नियुक्तियों का भी निराकरण मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति देने के मामलों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। अकेले स्कूल शिक्षा विभाग में एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां दी गई हैं। 40 कर्मचारी संगठनों ने किया मुख्यमंत्री का अभिनंदन कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में करीब 40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर स्वागत किया। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं का निराकरण किया है। उन्होंने पदोन्नति, वेतन विसंगतियों और अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े फैसलों को कर्मचारी हित में बताया।
