Homeमध्यप्रदेशभोपाल में घोड़े ने लात मारी, ठेकेदार की मौत:युवक को काट चुका,...

भोपाल में घोड़े ने लात मारी, ठेकेदार की मौत:युवक को काट चुका, कुत्ते की भी ली जान; शिकायतों के बाद भी नहीं हटा अस्तबल

भोपाल के पंचशील नगर में घोड़े की लात लगने से घायल 39 वर्षीय ठेकेदार की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह रिश्तेदार के बेटे की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क के दोनों तरफ बंधे घोड़ों के बीच से निकलते समय एक घोड़े ने उनके पेट में जोरदार लात मार दी। सोमवार सुबह चुना भट्टी स्थित निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है। मृतक की पहचान संतोष श्रवण कर (39), निवासी प्लॉट नंबर-1, सरदार पटेल स्कूल के पास, पंचशील नगर के रूप में हुई है। वह जर्जर मकानों को तोड़ने का ठेका लेते थे। उनकी शादी को 11 साल हो चुके थे और कोई संतान नहीं थी। पिछले साल उन्होंने एक रिश्तेदार के बेटे को गोद लिया था। सड़क पर घोड़ों का जमावड़ा, बीच से निकलते समय किया हमला मृतक के छोटे भाई विनोद ने बताया कि रविवार को संतोष अपने साले के साथ मौसेरे भाई की शादी के कार्ड बांटने निकले थे। रिश्तेदारों को कार्ड देने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। घर के पास रवि लोगांशी नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर कब्जा कर अस्तबल बना रखा है। यहां पांच से छह घोड़े पाले गए हैं। शाम करीब 7 बजे संतोष इसी रास्ते से गुजर रहे थे। सड़क के दोनों तरफ घोड़े बंधे हुए थे। उनके बीच से निकलते समय एक घोड़े ने संतोष के पेट में जोरदार लात मार दी। इससे वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। विनोद के मुताबिक, घटना के बाद संतोष को पेट में तेज दर्द होने लगा और सांस लेने में भी परेशानी हुई। परिजन उन्हें पहले नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चुना भट्टी स्थित दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे उनकी मौत हो गई। पहले युवक को काट चुका घोड़ा, कुत्ते को लात मारने से हुई थी मौत परिजनों का आरोप है कि अस्तबल में पाले जा रहे घोड़ों से पहले भी लोग और जानवर घायल हो चुके हैं। विनोद के मुताबिक, एक घोड़ा पहले एक युवक को काट चुका है। वहीं, एक कुत्ते को भी घोड़े ने जोरदार लात मारी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इसके बावजूद अस्तबल संचालक के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सीएम हेल्पलाइन और थाने में शिकायत, निगम की टीम ने किया था चालान विनोद का आरोप है कि घोड़ों से होने वाले खतरे को लेकर पहले भी सीएम हेल्पलाइन और टीटी नगर थाने में शिकायत की गई थी। परिवार ने स्थानीय पार्षद को भी इसकी जानकारी दी थी। पार्षद ने नगर निगम से कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया था। विनोद के मुताबिक, दो दिन पहले नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन केवल सामान्य चालानी कार्रवाई कर लौट गई। घोड़ों को सार्वजनिक रास्ते पर बांधने की समस्या जस की तस बनी रही। परिजनों का सवाल है कि जब घोड़ों से पहले भी लोगों और जानवरों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं हो चुकी थीं और जिम्मेदार विभागों को शिकायतें भी की गई थीं, तो समय रहते अस्तबल को हटाने या घोड़ों को सुरक्षित स्थान पर रखने की कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या विभाग किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहे थे? टीटी नगर पुलिस ने संतोष की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के हालात और परिजनों के आरोपों की जांच कर रही है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here