रायसेन जिले की सिलवानी तहसील के पुद्दर तालियां गांव में मंगलवार शाम रतनजोत के बीज खाने से 15 बच्चे बीमार हो गए। खेलते समय बच्चों ने बीज खाए थे। कुछ देर बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं। परिजन बच्चों को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल सिलवानी लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। इलाज के बाद सभी बच्चों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। बीमार बच्चों की उम्र 3 से 11 साल के बीच बताई गई है। जानकारी के अनुसार, एक साथ 18 बच्चे अस्पताल पहुंचे थे। कलेक्टर ने की बात घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर रोहित सिसोनिया और सीएमएचओ डॉ. दिनेश खत्री ने वीडियो कॉल से बच्चों के परिजन से बात की और उनकी तबीयत की जानकारी ली। कलेक्टर ने डॉक्टर्स को बच्चों का इलाज करने, उन पर खास नजर रखने और स्वास्थ्य की लगातार जानकारी लेने के निर्देश दिए। अस्पताल में बच्चों का इलाज जारी है। उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
