सागर का 2035 का मास्टर प्लान लागू हुए चार साल बीत गए हैं, लेकिन प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण पर अमल नहीं हो सका। कोतवाली से मोतीनगर चौराहे तक की 1500 मीटर लंबी सड़क को 12 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल था और टेंडर भी जारी हुआ, लेकिन बाद में इसे निरस्त कर दिया गया। वर्तमान में 4 से 7 मीटर संकरी इस सड़क पर सर्राफा बाजार, मुख्य थोक बाजार और प्रसिद्ध मंदिरों की श्रृंखला है। यह मार्ग शहर के 16 वार्डों (एक-तिहाई आबादी) की आवाजाही का मुख्य केंद्र है। चौड़ीकरण न होने और वन-वे नियमों के उल्लंघन से यहां रोजाना भीषण जाम लगता है, जिससे 3 मिनट की दूरी तय करने में 15 से 20 मिनट का समय बर्बाद हो रहा है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री के अनुसार, सभी पहलुओं को देखकर आगे कार्रवाई की जाएगी।
