Homeमध्यप्रदेश‘मोह मोह के धागे’ फेम सिंगर मोनाली ठाकुर देंगी प्रस्तुति:MP का 71वां...

‘मोह मोह के धागे’ फेम सिंगर मोनाली ठाकुर देंगी प्रस्तुति:MP का 71वां स्थापना दिवस आज; किसानों को मिलेंगे ट्रैक्टर, जानिए क्या-क्या होगा खास

MP का 71वां स्थापना दिवस समारोह रविवार से शुरू होगा। तीन दिन तक चलने वाले राज्यस्तरीय आयोजन का मुख्य समारोह 1 नवंबर को शाम 6:30 बजे लाल परेड ग्राउंड पर होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समारोह का शुभारंभ करेंगे। आम नागरिक बिना किसी प्रवेश पत्र या पास के सीधे आयोजन स्थल पर पहुंच सकेंगे। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए विशेष स्टूडेंट ब्लॉक बनाया जा रहा है। विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए संस्थान का आईडी कार्ड दिखाना होगा। इस बार समारोह की थीम ‘विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश’ रखी गई है। इसमें प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं, विकास कार्यों, कृषि नवाचारों और महिला उद्यमिता को प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री रविवार सुबह 11 बजे लाल परेड ग्राउंड पर आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और देशज व्यंजन मेले का उद्घाटन करेंगे। शाम को मुख्य सांस्कृतिक समारोह शुरू होगा। मोनाली ठाकुर के गीतों से सजेगी पहली शाम उद्घाटन समारोह का प्रमुख आकर्षण राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति होगी। वे मुंबई के साथी कलाकारों के साथ सुगम संगीत पेश करेंगी। मोनाली ‘लुटेरा’ फिल्म के गीत ‘सवार लूं’ और ‘दम लगा के हईशा’ के ‘मोह मोह के धागे’ जैसे लोकप्रिय गीतों के लिए पहचानी जाती हैं। कार्यक्रम में 71 बच्चे सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस बैंड राष्ट्रगान प्रस्तुत करेगा। समारोह का समापन आतिशबाजी के साथ होगा। 102 विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति मुख्यमंत्री प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रदान करेंगे। प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को एक लाख रुपए की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की इस योजना के तहत जिलों से विद्यार्थियों का चयन किया गया है। खंडवा जिले से सबसे ज्यादा छह विद्यार्थी चुने गए हैं। अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से चार-चार विद्यार्थियों का चयन हुआ है। 165 किसानों को मिलेंगे ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज’ के 165 विजेताओं को भी मुख्यमंत्री पुरस्कृत करेंगे। ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया था। चयनित विजेताओं को 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर दिए जाएंगे। प्रत्येक जिले से तीन विजेताओं का चयन किया गया है। भोपाल के विजेताओं को मुख्यमंत्री स्वयं पुरस्कार देंगे, जबकि अन्य जिलों में प्रभारी मंत्री पुरस्कार वितरित करेंगे। 160 चित्रों में दिखेगा राजा भोज का भोपाल लाल परेड ग्राउंड पर विकास और संस्कृति से जुड़ी प्रदर्शनियां लगेंगी। महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ की ओर से तैयार ‘राजा भोज का भोपाल’ विषय पर 160 वॉटर कलर चित्रों की प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण होगी। आधुनिक कृषि प्रदर्शनी में उन्नत बीज, जैविक इनपुट्स, स्मार्ट सिंचाई और एग्री स्टार्टअप्स के नवाचार दिखाए जाएंगे। महिला उद्यमिता मंडप और किसान बाजार में स्व-सहायता समूहों के उत्पाद और हस्तशिल्प बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। मालवा से बुंदेलखंड तक के व्यंजनों का स्वाद देशज व्यंजन मेले में मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल के पारंपरिक व्यंजन मिलेंगे। मेला प्रतिदिन दोपहर 12 से रात 8 बजे तक चलेगा। हस्तशिल्प और विकास प्रदर्शनियां भी नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी। 400 से ज्यादा कलाकारों ने निकाली सांस्कृतिक गौरव यात्रा स्थापना दिवस समारोह के पूर्वरंग के तहत शनिवार को भोपाल में 400 से अधिक लोक एवं जनजातीय कलाकारों ने सांस्कृतिक गौरव यात्राएं निकालीं। पहली यात्रा ज्योति टॉकीज से शुरू होकर बोर्ड ऑफिस चौराहा, 10 नंबर मार्केट, शाहपुरा लेक, कोलार रोड, नेहरू नगर और नीलबड़ होते हुए रातीबड़ पहुंची। दूसरी यात्रा बैरसिया से शुरू होकर नादरा बस स्टैंड, अशोका गार्डन, गोविंदपुरा, पिपलानी और अयोध्या नगर होते हुए आनंद नगर में संपन्न हुई। यात्राओं में गोंड, बैगा, भील, कोरकू, सहरिया और भारिया जनजातियों सहित प्रदेश की विभिन्न लोक एवं जनजातीय परंपराओं के नृत्य प्रस्तुत किए गए। करमा, सैला, भगोरिया, मटकी, घूमर, भांगड़ा, पंथी और लेझिम जैसे नृत्यों ने भोपाल की सड़कों पर सांस्कृतिक विविधता के रंग बिखेरे।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here