शाजापुर जिला अस्पताल में एक बार फिर अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। सोमवार शाम अस्पताल के आईसीयू वार्ड के पास एक सांप घुस गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में घबराहट फैल गई। अस्पताल स्टाफ ने जब आईसीयू के पास बने एक कमरे में सांप को रेंगते देखा तो वे हैरान रह गए। तुरंत रेस्क्यू टीम को बुलाया गया, जिसने काफी कोशिशों के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू विशेषज्ञ ने बताया कि समय पर सूचना मिलने से कोई बड़ा हादसा टल गया। मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह सांप पहले भी अस्पताल परिसर में देखा जा चुका है, लेकिन अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। इस घटना के बाद जिला अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण मरीजों की जान खतरे में पड़ गई थी।
