अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र के संजय नगर में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे मालगाड़ी की टक्कर से पिकअप सवार युवक की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। हादसा फाटक रहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ। टक्कर के बाद मालगाड़ी पिकअप को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक की पहचान चकैठी गांव निवासी रवि वर्मा (26) के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ पिकअप में DJ का सामान लेकर संजय नगर गया था। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद सामान खाली कर सभी गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चचाई पावर प्लांट से संगमा खदान की ओर जा रही खाली मालगाड़ी ने पिकअप को टक्कर मार दी। गर्दन फंसने से पिकअप से बाहर नहीं निकल पाया रवि पिकअप चालक कन्हैया वर्मा के मुताबिक, क्रॉसिंग के आसपास घना जंगल और झाड़ियां हैं। वहां रेलवे फाटक नहीं है और न ही गेटमैन तैनात था। मालगाड़ी को सामने देखकर वाहन में सवार कई लोग कूद गए। इस दौरान रवि की गर्दन पिकअप में फंस गई। वह बाहर नहीं निकल सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। छह घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया हादसे में अर्जुन कोल (17), विकास सिंह (22), शिवम बैग (18), कन्हैया वर्मा (25), करण कोल (19) और राजेश सिंह (26) घायल हुए हैं। सभी चकैठी गांव के निवासी हैं। एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में चार लोगों के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। मुआवजे और रेलवे फाटक की मांग पर अड़े ग्रामीण हादसे के बाद ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने तहसीलदार वेद प्रकाश सिंह के सामने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने के साथ क्रॉसिंग पर रेलवे फाटक और लाइट लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने पावर प्लांट प्रबंधन से लिखित आश्वासन मांगा। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी करने का भरोसा मिलने तक वे शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराने देंगे और न ही शव गांव ले जाएंगे। सुबह करीब 11 बजे पावर प्लांट के अधिकारी पहुंचे। इसके बाद जिला प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों के बीच बैठक हुई। बैठक में घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजने, फैक्ट्री एक्ट के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा देने, क्रॉसिंग पर गेट लगाने का आश्वासन दिया गया। एक साल पहले भी कार को टक्कर मार चुकी है मालगाड़ी ग्रामीणों के मुताबिक, इसी क्रॉसिंग पर करीब एक साल पहले भी मालगाड़ी ने एक कार को टक्कर मारी थी। ट्रेन कार को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई थी। हालांकि, उस हादसे में किसी की जान नहीं गई थी। उस समय भी ग्रामीणों ने बैरिकेडिंग करने या गेटमैन तैनात करने की मांग की थी। एसडीओपी अनूपपुर सुजीत कुमार ने बताया कि पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मर्ग कायम करेगी। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
