ग्वालियर के थाटीपुर क्षेत्र में वॉट्सऐप पर भेजी गई एपीके फाइल खोलते ही युवक के बैंक खाते से 2.12 लाख रुपए निकाल लिए गए। घटना 27 फरवरी की तृप्ति नगर की है। पुलिस ने 3 मार्च को मामला दर्ज किया। फरियादी शशांक गुप्ता, पुत्र संतोष गुप्ता निजी कंपनी में कर्मचारी हैं। उनके वॉट्सऐप पर अनजान नंबर से ‘RTO ई-चालान कॉपी’ नाम की एपीके फाइल आई थी। फाइल खोलते ही मोबाइल हुआ हैंग शशांक ने ई-चालान समझकर फाइल खोल दी। इसके बाद मोबाइल 7-8 मिनट तक हैंग रहा। बाद में मोबाइल सामान्य हो गया। उस समय उन्हें किसी गड़बड़ी का अंदेशा नहीं हुआ। करीब एक घंटे बाद उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि कैनरा बैंक खाते से 89 हजार, 60 हजार और 63 हजार रुपए ट्रांसफर हुए हैं। कुल 2 लाख 12 हजार रुपए निकाले गए। शशांक तुरंत बैंक पहुंचे। वहां उन्हें साइबर ठगी की जानकारी मिली। 1930 पर शिकायत के बाद केस दर्ज पहले थाने में सुनवाई नहीं होने पर शशांक ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। इसके बाद थाटीपुर थाना पुलिस ने ई-जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया- मोबाइल में डाला गया मैलवेयर थाटीपुर थाना पुलिस के अनुसार ठगों ने एपीके फाइल के जरिए मोबाइल में मैलवेयर इंस्टॉल कर दिया। इसी के माध्यम से बैंक खाते से रकम ट्रांसफर की गई। पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने अपील की है कि वॉट्सऐप या एसएमएस पर आने वाली किसी भी एपीके फाइल को न खोलें। आरटीओ चालान की जानकारी केवल सरकारी वेबसाइट या अधिकृत ऐप से ही जांचें।
