Homeमध्यप्रदेशकल तक इन घरों में गूंजती थी बच्चों की किलकारियां:आज मलबे के...

कल तक इन घरों में गूंजती थी बच्चों की किलकारियां:आज मलबे के बीच चूल्हा जल रहा; सड़क पर सोफा रखकर काट रहे रातें

सड़क पर रखा एक सोफा, उसके पास बैठे परिवार के लोग और सामने ईंट-पत्थरों का ढेर। कुछ दूरी पर एक महिला टूटे मकान के सामने चूल्हे पर चाय बना रही है। आसपास बिखरा घरेलू सामान, टूटी दीवारें और छत का मलबा। इसी मलबे के बीच बच्चे खेल रहे हैं। कभी यही उनका घर था, जहां वे बेफिक्र होकर दौड़ते थे। अब उनके पास खेलने के लिए भी अपना कमरा नहीं बचा। इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार को प्रशासन की रिमूवल कार्रवाई के बाद यह मंजर है। बुलडोजर ने मकानों की दीवारें और छतें तो गिरा दीं, लेकिन उनके साथ उन परिवारों के वर्षों के संघर्ष, यादें और सपने भी बिखर गए, जिन्होंने पाई-पाई जोड़कर अपने लिए एक आशियाना बनाया था। कार्रवाई के करीब 36 घंटे बाद दैनिक भास्कर की टीम जब कॉलोनी पहुंची तो यहां जिंदगी पूरी तरह बदली हुई नजर आई। जिन घरों में कभी रसोई थी, वहां अब मलबा पड़ा है। जिन कमरों में परिवार रात को सोता था, वहां टूटी ईंटें और सरिए बिखरे हैं। लोग उसी मलबे के बीच अपना सामान समेट रहे हैं। कई परिवारों के पास कहीं और जाने की जगह नहीं है। इसलिए टूटे घरों के सामने ही खाना बना रहे हैं और रात भी वहीं गुजार रहे हैं। मासूम बच्चे बार-बार अपने टूटे घर को देखते हैं और माता-पिता से पूछते हैं- हमारा घर क्यों तोड़ दिया? माता-पिता उन्हें समझाने की कोशिश करते हैं, लेकिन खुद उनके पास भी इस सवाल का कोई जवाब नहीं है। यहां मलबे में दबी एक-एक ईट लोगों की मेहनत बयां कर रही है। पति की आखिरी निशानी टूटी कॉलोनी में ममता राठौर अपने टूटे मकान के सामने चूल्हे पर चाय बना रही थीं। कभी इसी घर में उनका पूरा परिवार रहता था। आज घर की जगह मलबा है और उसी के सामने बैठकर उन्हें बच्चों के लिए खाना बनाना पड़ रहा है। ममता ने बताया कि 20 साल से यहां रह रही थीं। पति के निधन के बाद चार बच्चों को पालने के लिए उन्होंने मजदूरी की, दूसरे लोगों के घरों में खाना बनाया और एक-एक पैसा जोड़कर परिवार का आशियाना तैयार किया था। अब हमारे पास रहने के लिए कोई जगह नहीं है। हमारे पास इतने पैसे भी नहीं हैं कि दूसरा मकान खरीद सकें। पति ने करीब 20 साल पहले 11 लाख रुपए में प्लॉट खरीदा था। यह मकान पति की आखिरी निशानी था। दो दिन पहले ही मां का निधन हुआ है। वे मां के अंतिम संस्कार के लिए बाहर गई थीं और इसी दौरान मकान तोड़ दिया गया। मकान टूट गया, लेकिन वे जमीन नहीं छोड़ेंगी। यहीं रहकर किसी तरह जिंदगी गुजारेंगी। सुबह 6 बजे काम पर निकलते थे, रात 12 बजे लौटकर बनाते थे दीपक सोनी की कहानी सुनकर समझ आता है कि एक मकान बनाने के पीछे किसी परिवार की कितनी मेहनत लगती है। वे मजदूरी करते हैं और खाना बनाने का काम भी करते हैं। सुबह 6 बजे घर से निकलते और कई बार रात 11 से 12 बजे लौटते थे। दिनभर काम करके जो पैसे बचते, उन्हें अपने घर में लगाते गए। आज वही मकान मलबे में तब्दील हो चुका है। दीपक बताते हैं कि उन्होंने करीब 11-12 साल पहले प्लॉट खरीदा था और बाद में मकान बनवाया। उनके पास रजिस्ट्री, संपत्ति कर की रसीदें, बिजली कनेक्शन और नगर निगम के नल कनेक्शन जैसे दस्तावेज हैं। मकान बनाने के लिए बैंक से लोन भी लिया था। उसकी किस्त आज भी चल रही है। अब समझ नहीं आ रहा कि बैंक की किस्त भरें, रहने का इंतजाम करें या परिवार का पेट पालें। इतनी मेहनत करके मकान बनाया था। अधिकारियों से रोकने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने हमारी बात नहीं सुनी।” घर टूटा तो बच्चों की पढ़ाई और उनका बचपन भी प्रभावित हुआ राजेश बैरागी 2013 से कृष्णबाग कॉलोनी में रह रहे हैं। वे बताते हैं कि 2004 में देपालपुर से इंदौर आए थे। कई साल ड्राइविंग की, पैसे बचाए और फिर प्लॉट खरीदकर मकान बनाया। उनके दो बच्चे हैं। एक फर्स्ट ईयर में पढ़ रहा है। मकान टूटने के बाद बच्चे तनाव में हैं। राजेश बताते हैं कि वे बच्चों को समझा रहे हैं कि परेशान मत हो, हम सब संभाल लेंगे। लेकिन परिवार के सामने रहने का इंतजाम ही सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। राजेश ने बताया अब हम कहां जाएंगे? हमारे पास आगे जाने का कोई रास्ता नहीं है। यहीं रहेंगे, यहीं सोएंगे और खाना भी यहीं बनाना पड़ेगा। जमीन को लेकर विवाद की जानकारी मिलने के बाद से वे कई साल से कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। रजिस्ट्री, टैक्स और बैंक लोन के दस्तावेज, फिर हम गलत कैसे कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि उन्होंने जमीन खरीदने के बाद रजिस्ट्री कराई, मकान बनवाए, बिजली और नल कनेक्शन लिए। नगर निगम को संपत्ति कर और दूसरे शुल्क भी जमा किए। कुछ परिवारों ने बैंक से लोन लेकर मकान बनाए। उनका कहना है कि बैंकों ने भी दस्तावेजों की जांच के बाद ही लोन मंजूर किया था। अब मकान टूटने के बाद रहवासियों के सामने बैंक की किस्त, परिवार का खर्च और रहने की व्यवस्था तीनों का संकट है। कॉलोनी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को पहुंचे थे। रहवासियों के मुताबिक, उन्होंने उनकी कानूनी लड़ाई में मदद करने और अधिकार दिलाने का भरोसा दिया है। परिवारों को इससे उम्मीद जरूर बंधी है, लेकिन फिलहाल उनके सामने रोजमर्रा की जिंदगी का संकट जस का तस है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here