इंदौर के आजाद नगर इलाके में मिले अधजले शव की पहचान हो गई है। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के सिर में लगी सर्जिकल प्लेट पर दर्ज सीरियल नंबर पुलिस के लिए अहम कड़ी बन गया। इस नंबर के आधार पर अस्पताल का रिकॉर्ड खंगाला गया तो मृतक की पहचान विनय सोलंकी के रूप में हुई। वह एरोड्रम इलाके का रहने वाला था और ई-रिक्शा चलाता था। इस अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने मृतक के ही तीन दोस्तों को हिरासत में लिया है। आजाद नगर टीआई लोकेश भदौरिया के मुताबिक तीन दिन पहले सिग्नेचर हाइट्स के पास एक युवक का जला हुआ शव मिला था। बुरी तरह से जलने के कारण शव की पहचान करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस को पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के सिर में सर्जिकल प्लेट लगी होने की जानकारी मिली। प्लेट पर दर्ज सीरियल नंबर के आधार पर पुलिस ने अस्पतालों का रिकॉर्ड खंगाला और अरबिंदो अस्पताल से संपर्क किया। 2025 में सिर का ऑपरेशन हुआ था अस्पताल के रिकॉर्ड में पता चला कि वर्ष 2025 में ऑपरेशन के दौरान यह सर्जिकल प्लेट विनय पुत्र जगदीश सोलंकी निवासी एरोड्रम के सिर में लगाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने एरोड्रम थाने से संपर्क किया। यहां विनय के पिता ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विनय ई-रिक्शा चलाता था। वह 21 नवंबर की रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसके पिता ने एरोड्रम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कॉल डिटेल और आखिरी लोकेशन से तीन दोस्त हिरासत में पहचान होने के बाद पुलिस ने विनय की कॉल डिटेल और आखिरी लोकेशन के आधार पर उसके तीन दोस्तों को हिरासत में लिया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात कबूल नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले में अहम सुराग मिले हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
