Homeमध्यप्रदेश'मेरे सामने पापा-भाई डूब गए, मैं कुछ नहीं कर सकी':बहन बोली– दुर्गेश...

‘मेरे सामने पापा-भाई डूब गए, मैं कुछ नहीं कर सकी’:बहन बोली– दुर्गेश बचाओ–बचाओ चिल्लाता रहा; खेत जोतते समय 70 फीट गहरे कुएं में गिरा था ट्रैक्टर

‘मेरी आंखों के सामने पिता और छोटा भाई ट्रैक्टर समेत कुएं में समा गए। मैं कुछ नहीं कर सकी। भाई पानी में से हाथ उठाकर बचाओ–बचाओ चिल्लाता रहा, चाहकर भी उसे बचा नहीं सकी।’ यह कहते हुए 12 साल की राशि सिसकने लगती है। फिर खामोश हो जाती है। उसकी आंखों में भयानक मंजर अब भी तैर रहा है। 22 नवंबर को छतरपुर के हतना गांव में संतोष (37) खेत में ट्रैक्टर से खेत जाेत रहे थे। साथ में 10 साल का बेटा दुर्गेश भी बैठा था। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर 70 फीट गहरे कुएं में गिर गया। पांच घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों का शव निकाल जा सका। सोमवार को अंतिम संस्कार किया गया। दैनिक भास्कर की टीम जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर हतना गांव पहुंची। यहां परिजन से मिलकर हादसे और परिवार की स्थिति के बारे में जाना। हादसे के बाद की तीन तस्वीरें… 60 साल पुराना कुआं, मुंडेर भी दब गई हतना गांव यादव बाहुल्य है। 300 परिवारों के गांव में मातम पसरा है। बीचों–बीच संतोष यादव का पुराना घर है। अंतिम संस्कार के दूसरे दिन फूल चुनने का दिन था। घर के बाहर गांव वाले और घर के लोग मौजूद थे। एक कमरे में संतोष की पत्नी रामदेवी गुमसुम बैठी थी। पास ही बांस की टोकरी से ढंका दीपक जल रहा था। हमने बात करने की कोशिश की, लेकिन वह तैयार नहीं थीं। इसी घर से दो किलोमीटर जंगल में खेत है। खेत के बीचों–बीच 60 साल पुराना करीब 70 फीट गहरा कुआं है। तीन फीट ऊंची मुंडेर है, लेकिन वहां भी मिट्‌टी की ढाल बन गई है, जिससे वहां मुंडेर दिखाई ही नहीं देती। कुएं का पानी सिंचाई के काम में लिया जाता है। इसी कुएं में रविवार को हादसा हुआ था। बेटी बोली– बचाने के लिए रस्सी डाली, वह भी टूट गई हादसे के समय संतोष की 12 साल की बेटी राशि मौजूद थी। वह बताती है कि शाम को पिता के लिए खेत पर खाना लेकर गई थी। पिता से खाना खाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि थोड़ा खेत बचा है, उसे और जोत लूं। उसके बाद साथ खाना खाएंगे। इस बीच, छोटा भाई दुर्गेश भी पिता के साथ ट्रैक्टर पर बैठने की जिद करने लगा। पापा ने उसे बैठा लिया। पता नहीं क्या हुआ कि अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गया। मैं घबरा गई। आंखें फटी की फटी रह गईं। जोर से चिल्लाई, तो पास में मौजूद बड़े पापा, उनका बेटा और बुआ समेत आसपास के अन्य लोग आ गए। कुएं में झांक कर देखा तो ट्रैक्टर पानी में डूब गया था। दुर्गेश हाथ ऊपर कर बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा था। मौजूद लोगों ने कुएं में लटकी पंप की डोरी (तार) पकड़ा, तो वह टूट गया। भाई डूबने लगा। इस दौरान रस्सी डाली, पर तब तक वह डूब चुका था। आंखों के सामने पिता और भाई की जान चली गई। पापा ने खाना तक नहीं खाया। बेटे को पढ़ा-लिखाकर बड़ा आदमी बनाना चाहते थे संतोष की पत्नी रामदेवी यादव को यकीन नहीं हो रहा कि पति और बेटा अब इस दुनिया में नहीं हैं। रामदेवी ने बताया कि वह कार्तिक स्नान कर रही थी। मंगलवार को पूजन होना था, जिसके चलते घर में पकवान बना रही थी। पति को खेत पर खाना भिजवाना था। वहां से लखनिया लेकर आनी थी, जिसके लिए बेटी राशि और दुर्गेश को अपनी जेठानी नंद और भतीजे के साथ भेजा था। वहां से दोनों की मौत की खबर आई। रामदेवी बताती हैं कि दो बेटियां और इकलौता बेटा दुर्गेश था। जमीन के बंटवारे के बाद हमारे हिस्से में डेढ़ एकड़ जमीन आई थी। कुछ मवेशी भी हैं। खेती–बाड़ी और दूध बेचकर परिवार का गुजारा कर रहे थे। पति चाहते थे कि बेटा पढ़ लिखकर कुछ बन जाए। उसे शहर के प्राइवेट स्कूल में भेजा करते थे। रविवार को छुट्‌टी थी, तो वह पिता के लिए खेत पर बहन के साथ चला गया था। क्या पता था कि वह कभी नहीं लौटेगा। मेरा तो परिवार उजड़ गया। ऐसा लगता है कि जैसे दुनिया में कोई नहीं है। अब दोनों बेटियों के साथ कैसे गुजारा करेंगे। शासन मदद कर दे, ताकि परिवार का पालन–पोषण कर सकूं। पत्नी बोली- कोई एक बच जाता तो उसी के सहारे जी लेती
संतोष की पत्नी रामदेवी ने बताया कि रविवार को वह कार्तिक स्नान कर रही थीं। मंगलवार को कार्तिक पूजन होना था, इसलिए घर पर पकवान और पूजन सामग्री तैयार कर रही थीं। पति को खेत पर खाना भेजना था। इसी वजह से उन्होंने बेटी राशि और बेटे दुर्गेश को जेठानी और परिवार के अन्य लोगों के साथ खेत भेजा था। रामदेवी ने रोते हुए कहा, “मेरे दो बेटियां और एक ही बेटा था। पति और बेटा दोनों एक साथ चले गए। दोनों में से कोई एक भी बच जाता तो उसी के सहारे जिंदगी गुजार लेती। अब समझ नहीं आ रहा कि दोनों बेटियों को कैसे पालूंगी और उनका भविष्य कैसे संभालूंगी। पति चाहते थे कि बेटा पढ़-लिखकर कुछ बने। इसी वजह से उसे अच्छी पढ़ाई के लिए शहर के निजी स्कूल में भेजते थे।” भाई बोला– धनतेरस पर लिया था नया ट्रैक्टर संतोष के भाई तेजसिंह यादव बताते हैं कि वह छतरपुर में रहकर काम करते हैं। हाल में खेती के लिए धनतेरस पर नया ट्रैक्टर लिया था। उसी ट्रैक्टर से संतोष खेत जोत रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। हादसे के समय कुएं में करीब 40 फीट पानी था। शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे तक पंपों की मदद से करीब 20 फीट पानी बाहर निकाला था। ऊपरी 30 फीट हिस्सा खाली था। पानी की अधिक मात्रा और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को मशक्कत करनी पड़ी। घर में पहले से ही गरीबी थी। अब भाई और भतीजे की मौत के बाद, तो जैसे सब कुछ खत्म हो गया। हालत और भी खराब हो गई। अब चिंता इस बात की है कि भाभी और दोनों बेटियों का क्या होगा। शव घर पहुंचे तो बिलख उठीं बेटियां, मां का रो-रोकर बुरा हाल
सोमवार को जब संतोष और दुर्गेश के शव गांव पहुंचे तो हतना में मातम छा गया। अपने इकलौते भाई का शव देखकर बड़ी बेटी आयुषी (14) और राशि (12) चीख-चीखकर रोने लगीं। दोनों कभी पिता के शव को देखतीं तो कभी छोटे भाई को। पत्नी रामदेवी का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव के लोग भी परिवार को इस हालत में देखकर अपने आंसू नहीं रोक सके। संतोष तीन भाइयों में मंझले थे। उनके बड़े भाई देशराज और छोटे भाई तेजसिंह हैं।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here