Homeमध्यप्रदेशनिगम की 31 गाड़ियां 9.40 लाख में बेचने पर सवाल:13 वाहन अभी...

निगम की 31 गाड़ियां 9.40 लाख में बेचने पर सवाल:13 वाहन अभी चालू, JCB 1 लाख और स्कॉर्पियो 30 हजार में मूल्यांकित

उज्जैन नगर निगम के वर्कशॉप विभाग द्वारा 31 वाहनों को नीलामी के जरिए बेचने की तैयारी पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष डॉ. रवि राय के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने गुरुवार शाम निगम आयुक्त के नाम अपर आयुक्त संतोष टैगोर को ज्ञापन सौंपकर वाहनों की बिक्री तुरंत रोकने और पूरे मामले की जांच की मांग की। ज्ञापन के अनुसार, निगम वर्कशॉप विभाग के प्रभारी अधिकारी कार्यपालन इंजीनियर जगदीश मालवीय और सहायक इंजीनियर कृष्णा भूरिया ने 31 वाहनों का मूल्यांकन कराने के लिए मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान को पत्र भेजा था। मूल्यांकन के बाद इन 31 वाहनों की कुल नीलामी कीमत 9 लाख 40 हजार 103 रुपए तय की गई है। कांग्रेस का कहना है कि इन वाहनों में से 13 वाहन अभी भी चालू हालत में हैं। इनका उपयोग निगम के विभिन्न जोन कार्यालयों, उद्यान विभाग, ट्रेंचिंग ग्राउंड, कपिला गौशाला, पुल वाहन, अतिक्रमण गैंग और एमआर-5 कचरा प्लांट में किया जा रहा है। डॉ. रवि राय ने आरोप लगाया कि चालू हालत की जेसीबी, जिसकी नई कीमत करीब 40 से 42 लाख रुपए है, उसका मूल्यांकन सिर्फ 1 लाख रुपए किया गया है। इसी तरह सड़कों पर चल रही महिंद्रा स्कॉर्पियो की कीमत 30 हजार रुपए तय की गई है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की बोली 10 हजार रुपए से शुरू करने की बात है। सूची में आयशर व टाटा के डंपर, हाइड्रोलिक क्रेन, क्वालिस और जीपें भी शामिल हैं। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि इन वाहनों को बेचने का निर्णय किसके कहने पर लिया गया और क्या इसके लिए परिषद या एमआईसी से मंजूरी ली गई है। ज्ञापन में मूल्यांकन करने वाले प्रौद्योगिकी संस्थान के अधिकारियों डॉ. केआर अहिरवाल और डॉ. रवि द्विवेदी के मूल्यांकन पर भी सवाल उठाए गए हैं। डॉ. राय ने 2022 के कबाड़ मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी मूल्यांकन को लेकर जांच कमेटी बनी थी। कांग्रेस का आरोप है कि अब फिर उसी तरह वाहनों का कम मूल्यांकन कर निगम को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। कांग्रेस ने बिक्री प्रक्रिया रोकने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं रुकी तो मामला लोकायुक्त के पास ले जाया जाएगा।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here