तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में मंगलवार को नर्मदा नदी के केवलराम घाट पर स्नान के दौरान लखनऊ (उत्तर प्रदेश) से आए चार श्रद्धालु गहरे पानी में चले गए। मौके पर तैनात नाविकों, होमगार्ड और SDERF के जवानों ने तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक को बचाया नहीं जा सका। जानकारी के अनुसार, लखनऊ निवासी संतोष (24), अनिकेत (23), कमल किशोर (23) और शुभ उर्फ प्रखर तिवारी (24) नर्मदा नदी में स्नान कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि चारों युवक फोटो और वीडियो बनाने के फेर में निर्धारित सुरक्षित सीमा को पार कर गहरे पानी में चले गए। सुरक्षा बलों द्वारा लगातार दी जा रही चेतावनियों के बावजूद वे आगे बढ़ते गए। सीपीआर भी नहीं आया काम घटना होते ही नाविक मुकेश वर्मा, शंकर वर्मा, होमगार्ड-SDERF जवान नागेंद्र शर्मा और उदय सोलंकी तुरंत नदी में उतरे। उन्होंने संतोष, अनिकेत और कमल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, पानी में डूब चुके शुभ तिवारी को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर घाट पर ही सीपीआर दिया गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का इकलौता सहारा था शुभ शुभ तिवारी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसी पर पूरे घर के खर्च की जिम्मेदारी थी। शुभ के पिता हाल ही में कैंसर के ऑपरेशन से गुजरे हैं और घर में एक बहन भी है। इस दुखद हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील घटना के बाद होमगार्ड एवं SDERF जिला कमांडेंट आशीष कुशवाहा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नर्मदा में स्नान के दौरान केवल चिह्नित सुरक्षित स्थलों का ही उपयोग करें और घाटों पर तैनात जवानों व प्रशासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
