सतना शहर में रावण दहन और दशहरा चल समारोह 21 अक्टूबर को होगा। श्री बिहारी रामलीला समाज ने यह तारीख तय की है। प्रशासन ने भी इसी दिन आयोजन की तैयारी शुरू की है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने शनिवार को आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर और एसपी ने दक्षिणी मैदान धवारी व नारायण तालाब के पास रावण दहन स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व नागरिक सुविधाओं की जानकारी ली। दशहरा चल समारोह की तारीख को लेकर असमंजस था। कलेक्टर ने एसडीएम राहुल सिलाडिया और सीएसपी मनीष त्रिपाठी को दुर्गा पंडाल आयोजकों से समन्वय बनाने को कहा है, ताकि सभी आयोजन एक ही दिन हों।
पंडित शरद द्विवेदी के अनुसार, 20 अक्टूबर को दशमी के साथ नवमी तिथि भी है। इस दिन सूर्योदय के समय श्रवण नक्षत्र के साथ दशमी तिथि का योग नहीं मिल रहा। 21 अक्टूबर को सूर्योदय के समय शुद्ध दशमी का संयोग बन रहा है, जिसे रावण दहन के लिए सही माना गया है।
