मध्यप्रदेश के सीधी में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में CRPF के 59 वर्षीय जवान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बच्ची के घर के पड़ोस में रहता है। पुलिस ने दो टीमों में 8 जवानों को लगाकर उसकी तलाश की। घेराबंदी करते हुए आरोपी को गांव से करीब 20 किलोमीटर दूर सुनसान जगह से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त की रात बच्ची घर से बाहर गई थी। रात करीब 9 बजे वह रोते हुए वापस लौटी और मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन ने 15 अगस्त को मझौली थाने में शिकायत दर्ज कराई। बच्ची का स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। दो टीमों में चार-चार पुलिसकर्मी शामिल थे। तलाश के दौरान आरोपी गांव से करीब 20 किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर मिला, जहां घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बच्ची रोते हुए मां के पास पहुंची मां ने पुलिस को बताया कि बच्ची रात में घर से बाहर गई थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर वह उसे तलाश रही थीं। रात करीब 9 बजे बच्ची रोते हुए उनके पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। अगले दिन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। POCSO एक्ट में केस, कोर्ट ने भेजा जेल मझौली पुलिस ने मामले में POCSO एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। थाना प्रभारी विशाल शर्मा के मुताबिक, विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर उसे जिला जेल सीधी भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में है। वह 1 अगस्त को 20 दिन की छुट्टी लेकर गांव आया था। उसकी उम्र करीब 59 साल है और अगले साल वह रिटायर होने वाला था। मजदूरी करते हैं बच्ची के माता-पिता पीड़िता के माता-पिता मजदूरी करते हैं। बच्ची उनकी पहली संतान है। POCSO एक्ट के प्रावधानों के तहत बच्ची की पहचान और उसके गांव की जानकारी गोपनीय रखी गई है।
