Homeमध्यप्रदेशबुजुर्ग बोले-नाबालिग ही नहीं, कर्मचारी भी करते थे मारपीट:पिटाई के वीडियो के...

बुजुर्ग बोले-नाबालिग ही नहीं, कर्मचारी भी करते थे मारपीट:पिटाई के वीडियो के बाद नया खुलासा, 3 बुजुर्गों का एमवाय में चल रहा इलाज

इंदौर के बाणगंगा स्थित प्रेमाश्रय वृद्धाश्रम में नाबालिग द्वारा बुजुर्गों की डंडे से पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। आश्रम से दूसरे स्थानों पर शिफ्ट किए गए बुजुर्गों ने दावा किया है कि आश्रम में मारपीट की घटनाएं नई बात नहीं है। उनका आरोप है कि नाबालिग के अलावा कुछ कर्मचारी भी गलती होने पर बुजुर्गों के साथ मारपीट और गाली-गलौज करते थे। बुजुर्गों के मुताबिक आश्रम की संचालिका ने कभी उनके साथ मारपीट नहीं की, लेकिन उनके अनुपस्थित रहने पर कुछ कर्मचारियों का व्यवहार बेहद सख्त रहता था। फिलहाल दो पुरुष और एक महिला बुजुर्ग एमवाय अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, आश्रम में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे होने की बात सामने आई है। गलती पर डांट नहीं, पिटाई होती थी एमवाय अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग ने बताया कि आश्रम में छोटी-छोटी गलतियों पर डांटने की बजाय कर्मचारियों द्वारा मारपीट की जाती थी। उनका कहना है कि कई बार कर्मचारियों का व्यवहार अपमानजनक रहता था और बुजुर्गों के साथ गाली-गलौज भी की जाती थी। घायल बुजुर्ग महिला गोदावरी ने बताया कि संचालिका के जाने के बाद कर्मचारी बुजुर्गों के साथ मारपीट करते थे। नहाने के दौरान कोई गलती होने पर भी डांटने की बजाय पिटाई और गाली-गलौज की जाती थी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के नाम उन्हें नहीं मालूम, लेकिन वे लंबे समय से इस तरह का व्यवहार झेल रहे थे। बच्चे ने पहली बार उठाया था डंडा उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहा नाबालिग पहली बार उनके साथ मारपीट करता नजर आया। बुजुर्गों का दावा है कि घटना से पहले आश्रम की एक महिला कर्मचारी ने नाबालिग को अपशब्द कहे थे, जिसके बाद वह गुस्से में आया और डंडे से बुजुर्गों पर हमला कर दिया। हालांकि, इस दावे की पुष्टि अभी जांच के बाद ही होगी। कमजोर बुजुर्गों से भी होता था भेदभाव आश्रम में रहने वाले अन्य बुजुर्गों ने भी बताया कि जो लोग शारीरिक रूप से कमजोर थे या स्वयं नहा-धो नहीं पाते थे, उन्हें अलग रहने के लिए कहा जाता था। इससे वे खुद को उपेक्षित और अपमानित महसूस करते थे। आरोपों की जांच कर रहा जिला प्रशासन फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कर्मचारियों पर लगाए गए मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप कितने सही हैं और ऐसी घटनाएं कब से हो रही थीं। आश्रम सील, दूसरी जगह भेजे गए बुजुर्ग बगैर अनुमति चल रहे प्रेमाश्रम वृद्धाश्रम को जिला प्रशासन ने सील कर दिया है। उसमें रह रहे करीब 15 बुजुर्गों को निराश्रित सेवाश्रम, आशा निलय और गणेश आश्रम में शिफ्ट किया गया है। वहीं तीन बुजुर्गों का एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… इंदौर के अवैध वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं से मारपीट इंदौर के एक वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा है कि एक लड़का, जिसकी उम्र 14 साल बताई जा रही है, वह डंडे से महिलाओं को पीट रहा है। मामला मरीमाता पानी की टंकी के पास महाराणा प्रताप वेलफेयर सोसाइटी के वृद्धाश्रम का है। बाणगंगा थाना पुलिस ने इसकी संचालिका को थाने बुलाया और समझाइश देकर छोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here