धार जिले में सरदारपुर तहसील अंतर्गत दसई गांव में तेज बारिश के बीच ग्रामीणों को तिरपाल के सहारे एक बच्चे का अंतिम संस्कार करना पड़ा। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को आदिवासी समाज के एक बच्चे की कथित रूप से सर्पदंश से मौत हो गई थी। परिजन और समाज के लोग अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। चिता को बारिश से बचाने के लिए ग्रामीणों ने तिरपाल तान लिया और उसी के नीचे पूरी विधि की। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने श्मशान घाट पर मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया है। ग्रामीणों ने स्थायी शेड की मांग की
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में अंतिम संस्कार करना बेहद मुश्किल हो जाता है। यदि श्मशान घाट पर स्थायी शेड और आवश्यक सुविधाएं होतीं, तो शोकाकुल परिवारों को ऐसी कठिन परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता।
