शाजापुर में ‘लुटेरी दुल्हन’ के जरिए शादी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक को इस जाल में फंसाने का आरोप उसके जीजा पर ही लगा है। पीड़ित का आरोप है कि जीजा ने अपने साथियों के साथ मिलकर बिहार की युवती से शादी कराई, लाखों रुपए वसूले और शादी के तीसरे दिन दुल्हन सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई। मामले में कोतवाली पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रंग सांवला होने से नहीं हो रही थी शादी 25 वर्षीय कैलाश राजोरिया ने शुक्रवार को कोतवाली थाने पर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसका रंग सांवला होने के कारण शादी नहीं हो रही थी। इसी का फायदा उठाते हुए उसके राखी बंधन के जीजा अर्जुन गेहलोत और रवि राजोरिया ने बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली पूजा कुमारी से शादी कराने का प्रस्ताव दिया। इसके बदले उन्होंने 2 लाख 30 हजार रुपए खर्च होने की बात कही। रिश्तेदार होने के कारण कैलाश और उसके परिवार ने उन पर भरोसा कर लिया। इसके बाद 26 जुलाई को अर्जुन गेहलोत कैलाश और उसके माता-पिता को उज्जैन के चिंतामण गणेश मंदिर ले गया। मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कराई वहां पहले से सतीश पाटीदार, संजय मंडोवर, पूजा कुमारी और उसकी बहन नंदनी मौजूद थे। बातचीत के बाद उसी दिन मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी करा दी गई। शादी के दौरान अर्जुन गेहलोत ने कैलाश के पिता से 1 लाख 95 हजार रुपए नकद ले लिए। इसके अलावा कैलाश के दोस्त से 11 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए और अगले दिन 25 हजार रुपए नकद भी ले लिए। इस तरह शादी के नाम पर कुल 2 लाख 31 हजार रुपए आरोपियों ने ले लिए। तीन दिन बाद शौच का बहाना बनाकर फरार हुई शादी के बाद पूजा कुमारी ससुराल पहुंची। परिवार ने नई बहू का स्वागत करते हुए उसे सोने का मंगलसूत्र और चांदी की कड़ी पहनाई। लेकिन शादी के महज दो दिन बाद, 30 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे वह शौच जाने का बहाना बनाकर घर से बाहर निकली। शिकायत के मुताबिक बाहर मौजूद सास और भाभी को धक्का देकर वह फरार हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। आरोप है कि वह सोने का मंगलसूत्र और चांदी की कड़ी भी अपने साथ ले गई। सभी छह आरोपियों पर केस पीड़ित कैलाश का आरोप है कि पूजा कुमारी, उसकी बहन नंदनी, सतीश पाटीदार, संजय मंडोवर, राखी बंधन के जीजा अर्जुन गेहलोत और रवि राजोरिया ने पहले से साजिश रचकर फर्जी शादी कराई और लाखों की ठगी की। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया- शुक्रवार शाम को आरोपी अर्जुन गेहलोत और रवि राजोरिया को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे गिरोह और ठगी की साजिश का खुलासा किया जा सके। पूछताछ के आधार पर जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
