भोपाल में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता पर दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद नीमच में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विरोध प्रदर्शन किया। गुरुवार शाम को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एनएसयूआई का पुतला दहन कर आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। यह मामला एनएसयूआई के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुभाष यादव से जुड़ा है। उन पर संगठन में ही काम करने वाली एक छात्रा को काम के बहाने कार्यालय बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप है। पीड़ित छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। नीमच में एबीवीपी कार्यकर्ता भारत माता चौराहा पर एकत्रित हुए। वहां से प्रदर्शन करते हुए वे विजय टॉकीज चौराहा और कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन होते हुए पुनः विजय टॉकीज चौराहे पर पहुंचे, जहां एनएसयूआई का पुतला दहन किया गया। विद्यार्थी परिषद की जिला छात्रा प्रमुख अश्विनी बैरागी ने बताया कि एबीवीपी मांग करती है कि मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के नगर मंत्री शुभम बागड़ी ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कुकृत्य करने वालों को फांसी के फंदे तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने दिल्ली और छत्तीसगढ़ में भी ऐसे मामलों का जिक्र करते हुए शैक्षणिक परिसरों में छात्राओं की सुरक्षा के लिए ऐसे संगठनों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग की। छात्र नेताओं ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि ऐसे गंभीर मामलों में आरोपियों को किसी भी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण (पॉलिटिकल प्रोटेक्शन) नहीं मिलना चाहिए। कानून के तहत आरोपी सुभाष यादव के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उसे फांसी की सजा दी जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा कदम उठाने की हिम्मत न कर सके। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और स्थानीय छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
