आगर मालवा की अटल कॉलोनी स्थित नवनिर्मित शीतला माता मंदिर में गुरुवार को शिव परिवार और श्रीराम भक्त हनुमानजी की प्रतिमाओं की विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूजा-अर्चना के साथ हवन में आहुतियां अर्पित कीं। आचार्य बाबूलाल उपाध्याय के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत एक दिन पूर्व, 15 जुलाई को प्रतिमाओं का जल, पुष्प, दूध, दही और अन्न से अभिषेक किया गया था। इसके बाद वस्त्र अर्पित कर आरती की गई और भगवान को शयन कराया गया। गुरुवार सुबह 6:30 बजे पूजन-अभिषेक शुरू हुआ, जो लगभग दो घंटे तक चला। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। सुबह 10:30 बजे पूर्णाहुति के बाद शिव परिवार, मां शीतला और हनुमानजी की महाआरती की गई। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे। यह जानकारी स्थानीय निवासी रामेश्वर कारपेंटर ने दी।
