हरदा में आम किसान यूनियन द्वारा इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह से जारी चक्काजाम देर रात 12 बजे स्थगित कर दिया गया। यह प्रदर्शन मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी, खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने और फसल बीमा की मांगों को लेकर किया गया था। किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन से मुलाकात कर अपनी प्रमुख मांगों पर विस्तृत चर्चा की। प्रशासन ने किसानों को उनकी मांगों को कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने और मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद मान गए किसान संगठन
आम किसान यूनियन के सदस्य दिनेश लेगा ने बताया कि प्रशासन के आश्वासन के बाद नेशनल हाईवे 47 पर जारी अनिश्चितकालीन चक्काजाम समाप्त कर दिया गया। लगभग 12 घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण मार्ग पर आवागमन बाधित रहा, जो अब फिर से शुरू हो गया है। जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसानों ने इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया था। चक्काजाम इंदौर-नागपुर फोरलेन पर आयोजित किया गया था।
