पांढुर्णा में तीन दिन तक 230 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर डटे रहने के बाद युवक को बुधवार शाम करीब 6:15 बजे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। नीचे आते ही उसने सबसे पहले कहा, “मछली-चावल खिलाओ और 150 रुपए दे दो, गांव जाना है।” चार प्रशिक्षित विशेषज्ञ कर्मचारियों ने टावर पर चढ़कर युवक को रस्सियों की मदद से सुरक्षित बांधा और सावधानीपूर्वक नीचे उतारा। रेस्क्यू के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे समय मौके पर मौजूद रही। पश्चिम बंगाल का रहने वाला है युवक थाना प्रभारी अमित दानी ने बताया कि युवक की पहचान सोनातून दीहार के रूप में हुई है। वह खड़कपुर, थाना बलियाबारा, जिला झाड़ग्राम (पश्चिम बंगाल) का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि सोनातून सात दिन पहले अपनी बेटी को छोड़ने के लिए ट्रेन से नागपुर आया था। इसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों ने यह भी बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है। देखिए तस्वीरें सोमवार शाम से टावर पर चढ़ा था युवक 6 जुलाई (सोमवार) शाम से तीन शेर चौक स्थित 230 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़ा हुआ था। उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस, प्रशासन और बचाव दल लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे थे। ड्रोन से रखी गई निगरानी बुधवार सुबह से पुलिस ड्रोन कैमरे के जरिए युवक की हर गतिविधि पर नजर रख रही थी। एसडीओपी बृजेश भार्गव ने बताया कि युवक को नीचे आने के लिए हिंदी, मराठी और गोंडी भाषा में लगातार अनाउंसमेंट कराए गए। एहतियात के तौर पर टावर के नीचे सुरक्षा जाल, मैटिंग और गद्दे भी बिछाए गए थे। हाथ में रॉड लेकर करता था हमला रेस्क्यू टीम के सदस्य राजाबाबू चौधरी ने बताया कि वे युवक के पास बिस्किट और पानी लेकर पहुंचे थे। युवक के हाथ में करीब 15 फीट लंबी लोहे की रॉड थी। जैसे ही कोई उसके पास जाने की कोशिश करता, वह रॉड से हमला करने का प्रयास करता था। एक्सपर्ट के अनुसार, युवक मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रहा था, इसलिए पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। ……………………………… यह खबर भी पढ़ें… 24 घंटे से टावर पर चढ़ा शख्स: उतारने पहुंचे कर्मचारी पर हमले की कोशिश पांढुर्णा के तीन शेर चौक पर एक युवक पिछले 24 घंटे से 230 फीट ऊंचे बीएसएनएल (BSNL) टावर पर चढ़ा हुआ है। सोमवार शाम करीब 5 बजे टावर पर चढ़े इस युवक ने तब से न तो कुछ खाया है और न ही पानी पिया है। वह भूखा-प्यासा इतनी ऊंचाई पर डटा हुआ है। पढ़े पूरी खबर…
