Homeमध्यप्रदेशबिजली-पानी संकट के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन:जबलपुर में मशाल जुलूस निकाला, विभाग...

बिजली-पानी संकट के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन:जबलपुर में मशाल जुलूस निकाला, विभाग में तालाबंदी की चेतावनी दी

जबलपुर शहर में गहराते जल संकट और अघोषित बिजली कटौती के विरोध में रविवार शाम कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। पूर्व पार्षद जितिन राज और शहर जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव अनु तिवारी के नेतृत्व में साईं बाबा मंदिर से दमोहनाका चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा और नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जुलूस का नेतृत्व कर रहे जितिन राज और अनु तिवारी ने कहा कि जबलपुर की जनता इस समय दोहरी मार झेल रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली गुल रहने से छात्र, व्यापारी, बुजुर्ग और मरीज बेहाल हैं। बिजली के साथ-साथ शहर में पेयजल संकट भी गहरा गया है। कई इलाकों में बूंद-बूंद पानी के लिए लोग परेशान हैं, तो कहीं गंदे और दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर का बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह चरमरा चुका है। जर्जर पोल, पुराने तार और ओवरलोडेड ट्रांसफाॅर्मर के कारण आए दिन ट्रिपिंग हो रही है। स्मार्ट मीटरों के कारण उपभोक्ताओं को मनमाने और त्रुटिपूर्ण भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम की बदहाल ड्रेनेज और सीवर व्यवस्था के कारण हल्की बारिश में ही सड़कें तालाब बन रही हैं, लेकिन प्रशासन मौन साधे बैठा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अघोषित बिजली कटौती पर रोक और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इसके साथ ही जनहित में बिजली विभाग और नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर तालाबंदी की जाएगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here