Homeमध्यप्रदेशभोपाल के कलियासोत डैम में डूबने से नाबालिग की मौत:दोस्तों के साथ...

भोपाल के कलियासोत डैम में डूबने से नाबालिग की मौत:दोस्तों के साथ घूमने गया था, दो घंटे बाद मिला शव

राजधानी के चूनाभट्टी थाना क्षेत्र स्थित कलियासोत डैम में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने और फोटो खिंचवाने डैम पहुंचा था। प्रतिबंधित क्षेत्र में पानी के भीतर फोटो खिंचवाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने उसका शव बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, जाटखेड़ी (मिसरोद) निवासी अंगद दांडे (17) पुत्र संतोष दांडे रविवार को अपने तीन दोस्तों के साथ कलियासोत डैम गया था। सभी दोस्त पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर ढलान वाले हिस्से में पानी में उतरकर फोटो खिंचवा रहे थे। शुरुआती हिस्से में पानी घुटनों तक था, लेकिन कुछ कदम आगे ही गहराई अधिक होने के कारण अंगद संतुलन खो बैठा और डूब गया। उसे और उसके साथ मौजूद किसी भी दोस्त को तैरना नहीं आता था। मदद के लिए दोस्तों ने मचाया था शोर घटना के बाद दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन आसपास कोई मदद के लिए नहीं था। इसके बाद वे पास स्थित पुलिस चौकी पहुंचे और सूचना दी। पुलिस ने तत्काल गोताखोरों को बुलाया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद किशोर का शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। चेतावनी के बावजूद लोग पहुंच रहे प्रतिबंधित क्षेत्र पुलिस ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां मगरमच्छों की मौजूदगी और गहरे पानी को लेकर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही नगरीय प्रशासन की मदद से फेंसिंग और स्टॉपर भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद लोग सुरक्षा इंतजामों को नजरअंदाज कर रास्ता बनाकर डैम तक पहुंच जाते हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। इधर, गड्ढे में डूबने से तीन साल की मासूम की मौत कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र के धोली खदान के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन वर्षीय मासूम देविका की रविवार दोपहर मौत हो गई। उसके पिता राज रैकवार ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे, जबकि बच्ची घर के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते वह तीन से चार फीट गहरे पानी के गड्ढे में गिर गई। काफी देर तक नजर नहीं आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और उसे गड्ढे से निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here