Homeमध्यप्रदेशकटनी में हाईवे पर दो ट्रकों की भिड़ंत:केबिन में फंसे ड्राइवर-क्लीनर को...

कटनी में हाईवे पर दो ट्रकों की भिड़ंत:केबिन में फंसे ड्राइवर-क्लीनर को निकाला, 2 घंटे तक जाम, क्रेन से खुलवाया रास्ता

कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मझगवां ग्राम बस स्टैंड के पास रविवार शाम करीब 6 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में किसी की जान तो नहीं गई, लेकिन हाईवे पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम की स्थिति बनी रही। जानकारी के अनुसार, एक कैप्सूल ट्रक कटनी की तरफ से आ रहा था, जबकि दूसरा कोयले से लदा ट्रक उमरिया की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों ट्रक मझगवां बस स्टैंड के पास पहुंचे, उनमें सीधी टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। केबिन में फंसे ड्राइवर-क्लीनर को लोगों ने निकाला एक्सीडेंट के बाद दोनों ट्रकों के चालक और क्लीनर केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे। शोर सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत मदद शुरू की और काफी मशक्कत के बाद चारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में चारों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाइवे पर लगा लंबा जाम, 4 किलोमीटर घुमाईं गाड़ियां सड़क के ठीक बीचों-बीच क्षतिग्रस्त ट्रकों के खड़े होने के कारण हाईवे पर दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। जाम को बढ़ता देख प्रशासन ने तुरंत रूट डायवर्ट कर दिया। स्थानीय पंचायत की मदद से गाड़ियों को मझगवां ग्राम पंचायत भवन के सामने वाली गली से निकालकर बिजौरी रास्ते की तरफ भेजा गया। इस डायवर्जन की वजह से ड्राइवरों को हाईवे पर दोबारा आने के लिए करीब 4 किलोमीटर का एक्स्ट्रा चक्कर लगाना पड़ा। पुलिस ने क्रेन बुलाकर खुलवाया रास्ता हादसे की खबर मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को मुख्य सड़क से हटवाने का काम शुरू किया ताकि यातायात को फिर से चालू किया जा सके। बड़वारा पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि एक्सीडेंट आखिर किस वजह से हुआ।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here