दमोह जिला जेल में रविवार दोपहर दो बंदियों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक एचआईवी पॉजिटिव बंदी का नाखून दूसरे बंदी को लग गया। घायल बंदी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे आगे के इलाज के लिए सागर रेफर किया गया है। विवाद के दौरान हुआ घटनाक्रम घायल बंदी की पहचान दीपक सोनी के रूप में हुई है, जो हत्या के प्रयास के मामले में सजा काट रहा है। वहीं दूसरा बंदी शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामले में जेल में बंद है। जेल उपाधीक्षक एमएल पटेल ने बताया कि दोपहर के समय एक बंदी हंगामा कर रहा था। उसे समझाने के दौरान दूसरे बंदी दीपक सोनी से कहासुनी हो गई। जांच के बाद सामने आई जानकारी जेल प्रशासन के अनुसार, जब प्रहरी दीपक सोनी को बैरक से बाहर ला रहे थे, उसी दौरान दूसरे बंदी का नाखून उसे लग गया। बाद में रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि संबंधित बंदी एचआईवी पॉजिटिव है। घायल बंदी को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सागर आईआरटीसी रेफर कर दिया। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की चिकित्सकीय और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
