Homeमध्यप्रदेश8 हजार के बम से उज्जैन में किया था विस्फोट:ATS करेगी 'ले...

8 हजार के बम से उज्जैन में किया था विस्फोट:ATS करेगी ‘ले फिर आ गए’ स्लोगन की भी पड़ताल, पुष्प वर्षा के लिए लाए थे क्रेन

उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान क्रेन से हवा में लटकाई गई एक मैजिक वाहन में विस्फोट किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। घटना के बाद पुलिस ने मैजिक और क्रेन को जब्त कर लिया है। उज्जैन, उन्हेल, नागदा और महिदपुर क्षेत्र पहले से संवेदनशील माने जाते हैं, इसलिए किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेते हुए मामले की जांच में स्थानीय पुलिस के साथ एटीएस भी शामिल हो गई है। घटना 23 जून की रात की बताई जा रही है। बड़नगर के अडान मोहल्ले से निकले मोहर्रम जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। जुलूस के दौरान एक मैजिक वाहन को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट ऊंचाई पर लटकाया गया। वाहन पर दो युवक खड़े होकर लाल झंडे लहरा रहे थे। इसके बाद मैजिक में विस्फोट किया गया। जिस वाहन में ब्लास्ट किया गया, उस पर “ले फिर आ गए” लिखा हुआ था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शोएब पिता गब्बू, जाहिद पिता भूरा खां और तपसील उर्फ तस्लीम पिता नेहरू खां, निवासी अडान मोहल्ला, के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि अब भी कई सवाल जांच के दायरे में हैं। विस्फोट के पीछे मकसद क्या था, वाहन पर “ले फिर आ गए” क्यों लिखा गया था, इस्तेमाल किया गया विस्फोटक कौन-सा था और उसे कहां से लाया गया था, इसकी जांच सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस कर रही हैं। 8 हजार रुपए के पटाखों से किया गया विस्फोट पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी शोएब ने ही अडान अखाड़े के बैनर तले जुलूस निकाला था। उसी ने अपनी भंगार में रखी मैजिक गाड़ी को क्रेन पर लटकवाया था। पुलिस को आरोपियों ने करीब 8 हजार रुपए के पटाखे खरीदने का बिल भी दिया है, जिसकी तस्दीक की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि विस्फोट के समय जाहिद और तपसील उर्फ तस्लीम मैजिक में मौजूद थे और ब्लास्ट के बाद झंडे लहराते दिखाई दिए। 2500 रुपए किराए पर ली गई थी क्रेन श्री सांवरिया क्रेन सर्विस, बड़नगर के संचालक गोपाल राठौर ने बताया कि अडान अखाड़े के लोगों ने पुष्प वर्षा के लिए क्रेन किराए पर लेने की बात कही थी। 2500 रुपए किराया तय होने के बाद चालक सहित क्रेन भेज दी गई। मौके पर पहुंचने के बाद अखाड़े के लोगों ने मैजिक वाहन को क्रेन से लटका दिया। राठौर का कहना है कि उन्हें वाहन में विस्फोट करने की कोई जानकारी नहीं थी। फोरेंसिक और BDS टीम करेगी जांच घटना के बाद पुलिस ने विस्फोट में इस्तेमाल मैजिक और क्रेन को जब्त कर लिया है। मैजिक के भीतर अब भी फटाके और विस्फोट के लिए बिछाई गई केबल दिखाई दे रही है। शुक्रवार को उज्जैन की फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता (BDS) बड़नगर पहुंचकर नमूने एकत्र करेगा। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विस्फोट के लिए किस प्रकार की सामग्री का उपयोग किया गया था। ‘ले फिर आ गए’ स्लोगन की भी जांच वायरल वीडियो में जिस मैजिक को विस्फोट से उड़ाया गया, उस पर “ले फिर आ गए” लिखा था। जुलूस में शामिल कुछ लोगों के हाथों में मौजूद तख्तियों पर भी यही संदेश लिखा दिखाई दिया। सुरक्षा एजेंसियां इस स्लोगन के पीछे के आशय की भी जांच कर रही हैं। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुआ था ब्लास्ट एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि जय स्तंभ चौक बड़नगर पर आरोपियों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में क्रेन से वाहन लटकाकर उसमें फटाके रखकर विस्फोट किया था। विस्फोट के कारण वाहन के कांच और अन्य वस्तुएं आसपास गिरीं, जिससे आमजन की जान को गंभीर खतरा पैदा हुआ। घटना के समय वहां भारी भीड़ मौजूद थी। थाना बड़नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 382/2026 दर्ज कर धारा 110, 125(ए), 223(बी), 285, 287, 288 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला कायम किया है। मैजिक और क्रेन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करनदीप सिंह क्यूआरटी टीम के साथ बड़नगर पहुंचे और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मैजिक में रॉकेट और सुतली बम लगाए गए थे तथा वाहन के कांच बंद होने के कारण गैस बनने से विस्फोट जैसी स्थिति बनी। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। ये खबर भी पढ़ें… मोहर्रम के जुलूस में हमले का प्रदर्शन, VIDEO उज्जैन के पास बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक वैन (टाटा मैजिक) में किए गए विस्फोट का वीडियो सामने आया है। घटना 23 जून की रात की बताई जा रही है। बड़नगर के अडान मोहल्ले से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। जुलूस में एक वैन को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट ऊंचाई पर लटकाया गया। वैन पर दो युवक खड़े होकर लाल झंडे लहराते रहे। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here