पन्ना के अजयगढ़ क्षेत्र में एक महिला की हेयर डाई पीने से मौत हो गई। गंभीर हालत में महिला को पन्ना जिला अस्पताल से रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका दो मासूम बच्चों की मां थी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान अजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छतेनी निवासी पुनिया अहिरवार (26) पत्नी सुनील अहिरवार के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 5 वर्ष पहले हुई थी। पति सुनील अहिरवार मजदूरी का काम करते हैं। फोन चोरी होने के विवाद के बाद हेयर डाई पी जानकारी के अनुसार, सोमवार को महिला का पूरा परिवार किशनपुर गांव में मामा के लड़के की शादी में शामिल होने गया था। शादी की खुशियों के बीच वहां महिला का मोबाइल चोरी हो गया। घटना को लेकर परिवार और महिला के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद महिला ने सोमवार दोपहर को ही शादी से अकेले घर छतेनी लौट आई, जबकि बाकी परिजन बाद में पहुंचे। घर लौटने के बाद सोमवार को ही महिला ने कमरे में रखी बालों में लगाने वाली हेयर डाई पी ली। महिला को रीवा रेफर किया गया कुछ देर बाद जब उसकी जेठानी ने महिला को लगातार उल्टियां करते देखा, तो उन्हें अनहोनी का शक हुआ। जेठानी ने तुरंत इसकी सूचना पुनिया के पति सुनील अहिरवार को दी। परिजन आनन-फानन में महिला को लेकर अजयगढ़ शासकीय अस्पताल पहुंचे, जहां से पन्ना और फिर रीवा रेफर किया गया था। रीवा पहुंचने से पहले ही रास्ते में तोड़ा दम अजयगढ़ अस्पताल में महिला की हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज देकर उसे तुरंत जिला अस्पताल पन्ना के लिए रेफर कर दिया। पन्ना जिला अस्पताल में भी महिला के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ और उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए वहां के डॉक्टरों ने उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज रीवा के लिए रेफर कर दिया। लेकिन रीवा मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया। पहले भी की थी आत्महत्या करने की कोशिश इस असमय मौत से महिला के दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। उसका बड़ा बेटा शिवम सिर्फ 3 साल का है और छोटा बेटा बाबू सिर्फ 7 महीने का है। पति सुनील ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि पत्नी ने करीब 2 साल पहले भी अज्ञात कारणों के चलते जहर खा लिया था। हालांकि, उस समय सही समय पर इलाज मिल जाने के कारण डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली थी। लेकिन इस बार हेयर डाई का जहर जानलेवा साबित हुआ। घटना के बाद आज मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डॉक्टर बोले-हेयर डायर अंदरूनी अंग जला देता मामले को लेकर जिला अस्पताल पन्ना के ड्यूटी डॉक्टर और एक्सपर्ट डॉक्टर प्रदीप द्विवेदी ने बताया महिला ने बालों में लगाने वाली हेयर डाई का सेवन किया था। इसके जहर के असर से महिला के पूरे गले में अत्यधिक सूजन आ गई थी, जिससे उसे सांस लेने में भारी तकलीफ हो रही थी। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि लोग अक्सर इसे सामान्य समझते हैं, लेकिन हेयर डाई या रासायनिक मेहंदी में एक विशेष प्रकार का बेहद खतरनाक केमिकल और एसिड पाया जाता है। इसका सेवन करने से इंसान के शरीर के अंदरूनी अंग बुरी तरह जल जाते हैं। यदि कोई इसे अधिक मात्रा में पी लेता है तो शरीर के भीतर खतरनाक केमिकल रिएक्शन होता है। संबंधित व्यक्ति की तड़प-तड़प कर मौत हो जाती है।
